Home अंतरराष्ट्रीय उत्तर कोरिया का खतरनाक हथियार परीक्षण, Kim बोले- US ठिकाने रहें निशाने...

उत्तर कोरिया का खतरनाक हथियार परीक्षण, Kim बोले- US ठिकाने रहें निशाने पर

17
0
North Korea's dangerous weapons test; Kim says US bases should remain targets.

उत्तर कोरिया: उत्तर कोरिया ने एक बार फिर अपनी सैन्य ताकत का प्रदर्शन करते हुए उन्नत हथियार प्रणालियों का परीक्षण किया है। इस दौरान देश के सर्वोच्च नेता किम जोंग उन स्वयं मौजूद रहे और उन्होंने सेना को अधिक आक्रामक तथा विनाशकारी युद्ध क्षमता विकसित करने का निर्देश दिया। सरकारी समाचार एजेंसी केसीएनए के अनुसार, किम ने आधुनिक हथियारों के सफल परीक्षण के बाद सैन्य तैयारियों को और मजबूत करने पर जोर दिया तथा कहा कि बदलते सुरक्षा हालात में उत्तर कोरिया को हर चुनौती का जवाब देने के लिए पूरी तरह तैयार रहना होगा।

रिपोर्ट के मुताबिक, परीक्षण के दौरान उन्नत बहु-रॉकेट प्रक्षेपण प्रणाली से लैस टैक्टिकल बैलिस्टिक मिसाइल और लंबी दूरी तक सटीक निशाना साधने वाली होवित्जर तोप की क्षमता का आकलन किया गया। अधिकारियों का दावा है कि इन परीक्षणों ने दक्षिणी सीमावर्ती क्षेत्रों में गोलेबारी और हमले की रणनीति को अधिक प्रभावी बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण तकनीकी प्रगति साबित की है। विशेषज्ञों का मानना है कि इन हथियारों की मारक क्षमता दक्षिण कोरिया में मौजूद सैन्य ठिकानों के साथ-साथ वहां तैनात अमेरिकी सैन्य अड्डों तक पहुंच सकती है।

GNSU Admission Open 2026

यह सैन्य प्रदर्शन ऐसे समय में हुआ है जब कुछ दिन पहले ही उत्तर कोरिया ने अपने पहले 5,000 टन वजनी आधुनिक नौसैनिक विध्वंसक पोत ‘चोए ह्योन’ को औपचारिक रूप से नौसेना में शामिल किया था। किम जोंग उन ने इसे देश की बढ़ती नौसैनिक और परमाणु शक्ति का प्रतीक बताया था। यह युद्धपोत आधुनिक हथियार प्रणालियों और उन्नत युद्धक क्षमताओं से लैस माना जा रहा है।

विश्लेषकों का कहना है कि उत्तर कोरिया लगातार अपने परमाणु और पारंपरिक सैन्य ढांचे को मजबूत कर रहा है और फिलहाल दक्षिण कोरिया तथा अमेरिका के साथ किसी नई वार्ता के संकेत नहीं दे रहा। ताजा हथियार परीक्षण और नौसैनिक विस्तार से स्पष्ट है कि प्योंगयांग अपनी रक्षा रणनीति को और अधिक आक्रामक बनाने की दिशा में तेजी से आगे बढ़ रहा है। इससे कोरियाई प्रायद्वीप में सुरक्षा तनाव बढ़ने की आशंका भी गहरा गई है।