नयी दिल्ली: नई दिल्ली में राजनीतिक सरगर्मी के बीच भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस ने पेपर लीक, शिक्षा के निजीकरण, बेरोजगारी और शिक्षा व्यवस्था से जुड़े मुद्दों को लेकर देशव्यापी अभियान का ऐलान किया है। पार्टी 25 जून को देश के 28 शहरों में ‘छात्रों की गूंज’ नाम से प्रेस कॉन्फ्रेंस आयोजित करेगी, जिसके जरिए छात्रों और युवाओं की आवाज को राष्ट्रीय स्तर पर उठाने की रणनीति बनाई गई है।
कांग्रेस महासचिव (संगठन) के.सी. वेणुगोपाल ने इस पहल की जानकारी देते हुए कहा कि इन कार्यक्रमों के माध्यम से छात्रों, युवाओं और आम जनता की बढ़ती चिंताओं और नाराजगी को देश के सामने रखा जाएगा। उनका कहना है कि हाल के वर्षों में पेपर लीक और शिक्षा से जुड़े मुद्दों ने युवाओं के भविष्य पर गंभीर सवाल खड़े किए हैं, जिन पर सरकार को जवाब देना चाहिए।
इस अभियान के तहत पार्टी के कई वरिष्ठ नेता देशभर के अलग-अलग शहरों में प्रेस कॉन्फ्रेंस को संबोधित करेंगे। पवन खेड़ा भुवनेश्वर में, इमरान मसूद भोपाल में, प्रियंक खरगे चेन्नई में, रागिनी नायक विजयवाड़ा में और गौरव गोगोई दिल्ली में प्रेस कॉन्फ्रेंस करेंगे।
इसके अलावा कन्हैया कुमार पुणे, राजीव शुक्ला चंडीगढ़, रंजीत रंजन देहरादून, सुप्रिया श्रीनेत कोलकाता और उदय भानु चिब श्रीनगर में मीडिया को संबोधित करेंगे। कांग्रेस का कहना है कि यह अभियान केवल राजनीतिक कार्यक्रम नहीं, बल्कि छात्रों और युवाओं के अधिकारों और भविष्य की लड़ाई का हिस्सा है।
इस पहल के जरिए कांग्रेस केंद्र सरकार की नीतियों पर सवाल उठाने के साथ-साथ युवाओं से सीधे संवाद स्थापित करने की कोशिश कर रही है। आने वाले दिनों में इस अभियान के राजनीतिक असर पर भी नजर रहेगी।







