Home राष्ट्रीय “लखनऊ अग्निकांड के बाद सख्ती, गौतमबुद्धनगर में कोचिंग संस्थानों पर कार्रवाई”

“लखनऊ अग्निकांड के बाद सख्ती, गौतमबुद्धनगर में कोचिंग संस्थानों पर कार्रवाई”

15
0
Crackdown following Lucknow fire incident; action taken against coaching institutes in Gautam Buddha Nagar.

लखनऊ: लखनऊ अग्निकांड के बाद उत्तर प्रदेश के गौतमबुद्धनगर जिले में प्रशासन ने अग्नि सुरक्षा मानकों को लेकर सख्त रुख अपनाया है। जिले में कोचिंग संस्थानों, स्कूलों, होटलों और अन्य सार्वजनिक स्थानों पर विशेष जांच अभियान चलाया जा रहा है, जिसके तहत कई जगहों पर नियमों की अनदेखी सामने आई है।

मंगलवार को प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई करते हुए नोएडा के दो कोचिंग संस्थानों को तत्काल प्रभाव से सील कर दिया। जांच के दौरान इन संस्थानों के पास आवश्यक पंजीकरण दस्तावेज और अग्निशमन विभाग का अनापत्ति प्रमाण पत्र (एनओसी) नहीं पाया गया। सेक्टर-149 स्थित ‘ओम एजुकेशन कोचिंग सेंटर’ और सेक्टर-49 में संचालित ‘बसु कोचिंग सेंटर’ को गंभीर लापरवाही के चलते बंद कर दिया गया।

GNSU Admission Open 2026

जिला प्रशासन की संयुक्त टीम, जिसमें सिटी मजिस्ट्रेट, मुख्य अग्निशमन अधिकारी, जिला विद्यालय निरीक्षक और पुलिस विभाग के अधिकारी शामिल थे, ने करीब 20 कोचिंग संस्थानों का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान 12 संस्थानों की व्यवस्था संतोषजनक पाई गई, जबकि अन्य के खिलाफ कार्रवाई शुरू की गई है।

इसके अलावा, सेक्टर-49 के ‘विक्टर कोचिंग सेंटर’ और सेक्टर-149 के ‘साई विनायक इंस्टीट्यूट ऑफ स्टडीज’ निरीक्षण के समय बंद पाए गए। प्रशासन ने दोनों संस्थानों को नोटिस जारी कर दो दिनों के भीतर आवश्यक दस्तावेज प्रस्तुत करने का निर्देश दिया है। निर्धारित समय में अनुपालन न करने पर इन्हें भी सील किया जा सकता है।

अभियान के तहत एक होटल और गेमिंग जोन में भी सुरक्षा संबंधी खामियां मिलने पर चेतावनी दी गई है। जिलाधिकारी के अनुसार अब तक 116 संस्थानों को नोटिस जारी किए जा चुके हैं, जिनमें से कई ने सुधार कर लिया है।

प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि छात्रों और आम जनता की सुरक्षा के साथ किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी और यह अभियान आगे भी जारी रहेगा।