Home बिहार दुबई से पहुंचा बेटे का शव, तीन बच्चों के सिर से उठा...

दुबई से पहुंचा बेटे का शव, तीन बच्चों के सिर से उठा पिता का साया

121
0
Son's body arrives from Dubai, three children lose their father

गोपालगंज: बिहार के गोपालगंज जिले से एक बेहद दर्दनाक मामला सामने आया है। जिले के भोरे थाना क्षेत्र के जगतौली ओपी अंतर्गत लकठहां गांव में शनिवार की अहले सुबह उस समय कोहराम मच गया, जब दुबई में काम करने गए एक युवक का शव उसके पैतृक गांव पहुंचा। मृतक की पहचान विजय कुमार गिरी के रूप में हुई है। जैसे ही शव गांव पहुंचा, परिजनों की चीख-पुकार से पूरा माहौल गमगीन हो गया। विजय के अंतिम दर्शन के लिए गांव में स्थानीय लोगों और शुभचिंतकों की भारी भीड़ उमड़ पड़ी। मिली जानकारी के अनुसार विजय गिरी अपने परिवार के भरण-पोषण के लिए दुबई में मजदूरी करते थे। बीते 14 मई को वह काम खत्म कर वापस लौट रहे थे।

इसी दौरान अचानक ऊंचाई से भारी-भरकम ताबूत  उनके शरीर पर गिर गया। इस दर्दनाक हादसे में मौके पर ही विजय गिरी की मौत हो गई। विदेश में घटना होने के कारण कानूनी प्रक्रिया और जरूरी कागजी कार्रवाई पूरी करने में समय लगा। इसके बाद शनिवार सुबह उनका पार्थिव शरीर गांव लाया गया। विजय गिरी की असमय मौत से उनका पूरा परिवार टूट गया है। मृतक अपने पीछे पत्नी और तीन छोटे बच्चों को छोड़ गए हैं। पति की मौत की खबर के बाद से पत्नी सपना देवी का रो-रोकर बुरा हाल है। गांव की महिलाएं उन्हें संभालने और ढांढस बंधाने में जुटी रहीं। सबसे भावुक कर देने वाला दृश्य विजय गिरी के बच्चों का था।

GNSU Admission Open 2026

मासूम बच्चों को अब तक यह भी नहीं पता कि उनके पिता अब इस दुनिया में नहीं रहे। मृतक का बेटा अनुज गिरी सिर्फ 3 साल का है। वहीं बड़ी बेटी अंकिता 10 साल और छोटी बेटी अनुष्का 8 साल की है। पिता का साया उठ जाने से पूरे गांव की आंखें नम हो गईं। ग्रामीणों ने बताया कि विजय गिरी बेहद हंसमुख, सरल और मिलनसार स्वभाव के व्यक्ति थे। वह हमेशा लोगों की मदद के लिए आगे रहते थे। उनकी मौत की खबर से पूरे इलाके में शोक की लहर फैल गई है। विजय गिरी के अंतिम दर्शन और परिवार को सांत्वना देने के लिए लामीचौर के मुखिया मोहन कुमार सिंह, पैक्स अध्यक्ष अवध बिहारी सिंह समेत कई जनप्रतिनिधि और गणमान्य लोग उनके घर पहुंचे। सभी ने दुख जताते हुए पीड़ित परिवार को हरसंभव प्रशासनिक और व्यक्तिगत मदद देने का भरोसा दिलाया।