
मुजफ्फरपुर: बिहार के मुजफ्फरपुर जिले से एक बेहद अनोखा और हैरान कर देने वाला मामला सामने आया है। यहां पेट्रोल पंप कर्मियों ने डब्बे में डीजल देने से मना किया तो लोगों ने पूरा का पूरा जनरेटर ही पेट्रोल पंप पर पहुंचा दिया। इस घटना के बाद पूरे इलाके में इसकी खूब चर्चा हो रही है। मिली जानकारी के अनुसार मामला मिठनपुरा थाना क्षेत्र के एक पेट्रोल पंप का बताया जा रहा है। जहां जनरेटर लेकर डीजल भरवाने पहुंचे लोगों को देखकर कर्मचारी और ग्राहक भी हैरान रह गए।
बताया जा रहा है कि मिठनपुरा थाना क्षेत्र निवासी जोगिंदर राय के घर उनकी बहन की शादी की तैयारियां जोरों पर चल रही थीं। शादी समारोह के बीच अचानक जनरेटर का डीजल खत्म होने लगा। ऐसे में बिजली जाने का डर सताने लगा। इसके बाद घरवालों ने एक युवक को डब्बे में डीजल लाने के लिए पास के पेट्रोल पंप पर भेजा। लेकिन पेट्रोल पंप कर्मियों ने सुरक्षा नियमों का हवाला देते हुए डब्बे में खुला डीजल देने से इनकार कर दिया। पेट्रोल पंप से डीजल नहीं मिलने के बाद शादी में शामिल युवकों ने गजब का जुगाड़ निकाला।
सभी ने मिलकर भारी-भरकम जनरेटर को धक्का लगाना शुरू किया और उसे सीधे पेट्रोल पंप तक पहुंचा दिया। जनरेटर को पेट्रोल पंप के नोजल के पास खड़ा कर दिया गया, ताकि सीधे उसमें डीजल भरा जा सके। जैसे ही जनरेटर पेट्रोल पंप के अंदर पहुंचा, वहां मौजूद कर्मचारी और अन्य ग्राहक हक्के-बक्के रह गए। इस दौरान मौके पर मौजूद लोगों ने इस अनोखे नजारे को अपने मोबाइल कैमरे में कैद कर लिया। पूरे इलाके में यह घटना चर्चा का विषय बनी हुई है। लोग शादी में डीजल खत्म होने के बाद निकाले गए इस अनोखे जुगाड़ की खूब चर्चा कर रहे हैं।






