Home बिहार बिहार में हाईवोल्टेज ड्रामा! FIR से नाम हटाने की मांग पर टावर...

बिहार में हाईवोल्टेज ड्रामा! FIR से नाम हटाने की मांग पर टावर पर चढ़ा युवक

147
0
High-voltage drama in Bihar: A young man climbed a tower demanding his name be removed from the FIR.

दरभंगा: प्रेम प्रसंग या पारिवारिक विवाद को लेकर मोबाइल टावर पर चढ़ने की घटनाएं अक्सर सुनने को मिलती हैं, लेकिन इस बार मामला जमीन विवाद से जुड़े कथित झूठे मुकदमे का है। दरभंगा जिले के बहेड़ी थाना क्षेत्र के हावीडीह गांव में एक युवक प्राथमिकी से अपना नाम हटाने की मांग को लेकर मोबाइल टावर पर चढ़ गया और कूदकर जान देने की धमकी देने लगा। करीब सात घंटे तक चले इस हाई वोल्टेज ड्रामे के बाद पुलिस और प्रशासन की मदद से युवक को सुरक्षित नीचे उतारा गया। बताया जाता है कि राजाराम यादव का 28 वर्षीय बेटा अमरजीत यादव गांव में जमीन विवाद से जुड़े एक FIR में नाम आने से नाराज था। युवक का आरोप था कि उसे झूठे मुकदमे में फंसाकर जेल भेजने की साजिश रची जा रही है।

इसी के विरोध में वह गुरुवार दोपहर गांव के मोबाइल टावर पर चढ़ गया और ऊपर से लोगों को कूदकर जान देने की धमकी देने लगा। युवक के मोबाइल टावर पर चढ़ने की खबर फैलते ही गांव में अफरा-तफरी मच गई। बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर जुट गए और उसे नीचे उतारने की कोशिश करने लगे। परिजन भी लगातार युवक से नीचे उतरने की अपील करते रहे, लेकिन वह अपनी मांग पर अड़ा रहा। घटना की जानकारी मिलने के बाद बहेड़ी थाना पुलिस मौके पर पहुंची। थानाध्यक्ष सूरज गुप्ता और सीओ धनश्री बाला ने माइक के जरिए युवक को समझाने का प्रयास किया। युवक लगातार आरोपियों को जेल भेजने और FIR से नाम हटाने की मांग करता रहा। काफी देर तक समझाने के बावजूद वह नीचे उतरने को तैयार नहीं हुआ।

GNSU Admission Open 2026

स्थिति बिगड़ती देख युवक के गुरुजी जटाशंकर झा को मौके पर बुलाया गया। उन्होंने माइक के माध्यम से अपने शिष्य को समझाया और शांत रहने की अपील की। गुरुजी की बातों का असर हुआ और करीब छह से सात घंटे बाद युवक आखिरकार टावर से नीचे उतर आया। प्रशासन की ओर से आरोपियों के खिलाफ उचित कार्रवाई का लिखित आश्वासन दिए जाने के बाद युवक शांत हुआ। युवक के सुरक्षित नीचे उतरते ही ग्रामीणों और परिजनों ने राहत की सांस ली। इस संबंध में बहेड़ी थानाध्यक्ष सूरज गुप्ता ने बताया कि ग्रामीणों से सूचना मिलने के बाद पुलिस ने काफी मशक्कत कर युवक को मोबाइल टावर से सुरक्षित नीचे उतार लिया। उन्होंने कहा कि पीड़ित की शिकायत पर उचित कार्रवाई की जाएगी।