There is no shortage of petrol and diesel in Bihar: Ashok Chaudhary

पटना। जनसुनवाई कार्यक्रम के बाद मंत्री अशोक चौधरी ने कई अहम मुद्दों पर बड़ा बयान दिया है। मंत्री अशोक चौधरी ने कहा कि पूरे बिहार में लोगों की समस्याओं को सुनने और उनके समाधान के लिए मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी के नेतृत्व में सहयोग कार्यक्रम की शुरुआत की गई है। उन्होंने कहा कि पार्टी कार्यालय में आने वाले लोगों की समस्याओं का भी समाधान किया जा रहा है। वहीं NEET पेपर लीक मामले पर मंत्री ने कहा कि कुछ लोग लगातार ऐसी गतिविधियों में शामिल रहते हैं, लेकिन भारत सरकार एक मजबूत सिस्टम बनाने की दिशा में लगातार काम कर रही है ताकि पेपर आउट जैसी घटनाएं न हों। उन्होंने कहा कि मामले की जांच जारी है और जो भी दोषी पाए जाएंगे, उन पर सख्त कार्रवाई की जाएगी। शिक्षा मंत्री से जुड़े कथित 50 लाख रुपए के फर्जीवाड़े के मामले पर पूछे गए सवाल पर अशोक चौधरी ने कहा कि उन्हें अभी मामले की पूरी जानकारी नहीं है। पहले जानकारी प्राप्त करेंगे, उसके बाद ही कुछ कहेंगे। बिहार में गैस और तेल की उपलब्धता को लेकर भी मंत्री ने बड़ा बयान दिया। उन्होंने कहा कि राज्य में गैस और तेल की कोई कमी नहीं है। मुख्यमंत्री ने इसको लेकर बैठक भी की है और अब सरकार की कोशिश है कि हर जगह PNG लाइन पहुंचाई जाए।

उन्होंने कहा कि आने वाले दिनों में ऐसा नियम बनाया जाएगा कि अपार्टमेंट निर्माण से पहले वहां पी एन जी लाइन की व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के लगातार कार्यकर्ताओं से संपर्क और सीतामढ़ी दौरे पर मंत्री ने कहा कि यह अच्छी बात है। उन्होंने कहा कि नीतीश कुमार लगातार कार्यकर्ताओं का हौसला बढ़ा रहे हैं और यह दर्शाता है कि वे पूरी तरह कार्यकर्ताओं के प्रति समर्पित हैं। वही आज शाम होने वाले ब्लैकआउट पर मंत्री ने कहा कि यह एक रूटीन प्रक्रिया है, ताकि आपात स्थिति में लोगों की तैयारी और जागरूकता बनी रहे। उन्होंने साफ कहा कि बिहार में डीजल-पेट्रोल की कोई कमी नहीं है और राज्य में किसी तरह की पैनिक की स्थिति नहीं है। प्रधानमंत्री मोदी की आत्मनिर्भरता वाली अपील पर उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री देश को आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में काम कर रहे हैं।वहीं बिहार सरकार द्वारा लोन लिए जाने के मुद्दे पर अशोक चौधरी ने कहा कि संविधान के तहत बिहार सरकार को अपने जीडीपी का एक प्रतिशत तक लोन लेने का अधिकार है। इसी दौरान उन्होंने तेजस्वी यादव पर हमला बोलते हुए कहा कि वे खुद उपमुख्यमंत्री रह चुके हैं, फिर भी उन्हें यह जानकारी नहीं है कि सरकार द्वारा लोन लेना कोई नई बात नहीं है। हालांकि प्रधानमंत्री को लेकर दिए गए एक विवादित बयान के सवाल पर अशोक चौधरी ने टिप्पणी करने से इनकार कर दिया।

GNSU Admission Open 2026