Home राजनिति डीएम का सख्त एक्शन: हाजीपुर में अवैध हॉस्टलों पर चला प्रशासन का...

डीएम का सख्त एक्शन: हाजीपुर में अवैध हॉस्टलों पर चला प्रशासन का डंडा, संचालकों पर कसा शिकंजा

229
0
डीएम का सख्त एक्शन: हाजीपुर में अवैध हॉस्टलों पर चला प्रशासन का डंडा, संचालकों पर कसा शिकंजा

बिहार के हाजीपुर समेत वैशाली जिले में निजी विद्यालयों के हॉस्टलों को लेकर जिला प्रशासन ने सख्त रुख अपनाया है। जिला पदाधिकारी वर्षा सिंह के निर्देश पर बिना निबंधन संचालित सभी हॉस्टलों के संचालन पर तत्काल प्रभाव से रोक लगा दी गई है। इस कार्रवाई से हॉस्टल संचालकों में हड़कंप मच गया है। प्रशासन के अनुसार, पिछले वर्ष नवंबर में निजी स्कूलों के हॉस्टल संचालकों के साथ बैठक कर उन्हें 15 दिनों के भीतर आवश्यक दस्तावेजों के साथ निबंधन आवेदन जमा करने का निर्देश दिया गया था। इसके बाद 6 अप्रैल को हुई दूसरी बैठक में भी सभी संचालकों को 11 मई तक हर हाल में आवेदन करने को कहा गया। हालांकि तय समय सीमा समाप्त होने के बाद भी मात्र छह स्कूलों ने ही आवेदन प्रस्तुत किया। डीएम वर्षा सिंह ने इस स्थिति को गंभीर मानते हुए कहा कि यह छात्र-छात्राओं की सुरक्षा के प्रति लापरवाही और प्रशासनिक आदेशों की अवहेलना है। उन्होंने स्पष्ट किया कि बच्चों की सुरक्षा से किसी भी प्रकार का समझौता बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। जिन हॉस्टलों ने अब तक निबंधन के लिए आवेदन नहीं किया है, उनके संचालन पर तत्काल रोक लगा दी गई है। प्रशासन ने चेतावनी दी है कि आदेश के बावजूद यदि कोई हॉस्टल संचालित होता पाया गया, तो उसे अवैध घोषित कर बंद कराया जाएगा और संबंधित संचालकों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई भी की जाएगी। जिला प्रशासन का मानना है कि बिना निबंधन चल रहे हॉस्टलों में सुरक्षा मानकों का पालन नहीं हो रहा है, जिससे छात्रों की सुरक्षा खतरे में पड़ सकती है। ऐसे में यह कदम बच्चों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए उठाया गया है। प्रशासन ने सभी निजी विद्यालयों और हॉस्टल संचालकों से अपील की है कि वे जल्द से जल्द निबंधन प्रक्रिया पूरी करें और नियमों का पालन सुनिश्चित करें, ताकि छात्रों को सुरक्षित और बेहतर वातावरण मिल सके।

GNSU Admission Open 2026