हाजीपुर/महुआ: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की ईंधन संरक्षण की अपील का असर अब बिहार में भी देखने को मिल रहा है। वैशाली जिले के महुआ में बुधवार को एक अनोखी पहल देखने को मिली, जब राज्य सरकार के तीन मंत्रियों ने अलग-अलग काफिलों के बजाय एक ही सरकारी वाहन से कार्यक्रम में पहुंचकर सादगी और संसाधन बचत का संदेश दिया। महुआ में आयोजित एक कार्यक्रम में शामिल होने के लिए लोक स्वास्थ्य अभियंत्रण विभाग के मंत्री संजय सिंह, गन्ना उद्योग विभाग के मंत्री संजय पासवान तथा अनुसूचित जाति एवं जनजाति कल्याण विभाग के मंत्री लखेन्द्र पासवान एक साथ एक ही वाहन से पहुंचे। मंत्रियों की इस पहल ने स्थानीय लोगों का ध्यान आकर्षित किया और उनकी सादगी की चर्चा शुरू हो गई। बताया जा रहा है कि यह कदम प्रधानमंत्री की ईंधन बचत मुहिम के समर्थन में उठाया गया है। वैश्विक ऊर्जा संकट और अंतरराष्ट्रीय परिस्थितियों को देखते हुए पेट्रोल-डीजल की खपत कम करने और संसाधनों के बेहतर उपयोग का संदेश देने के उद्देश्य से यह पहल की गई। इस मौके पर मंत्री संजय सिंह ने कहा कि प्रधानमंत्री की अपील को व्यवहार में उतारना सभी जनप्रतिनिधियों की जिम्मेदारी है। यदि नेता खुद उदाहरण पेश करें, तो आम जनता भी उससे प्रेरित होती है। वहीं मंत्री लखेन्द्र पासवान ने कहा कि छोटी-छोटी पहल से भी देशहित में बड़ा योगदान दिया जा सकता है और यह प्रयास उसी दिशा में एक कदम है। मंत्रियों की इस पहल की राजनीतिक और सामाजिक हलकों में सराहना हो रही है। स्थानीय लोगों का कहना है कि जनप्रतिनिधियों द्वारा इस तरह की सादगी और जिम्मेदारी का परिचय देना समाज के लिए प्रेरणादायक है। यह कदम न केवल ईंधन बचत का संदेश देता है, बल्कि सरकारी संसाधनों के सही उपयोग की भी सीख देता है।







