Home बिहार बंगाल CM के पीए हत्याकांड में STF की बड़ी कार्रवाई: बक्सर से...

बंगाल CM के पीए हत्याकांड में STF की बड़ी कार्रवाई: बक्सर से हिस्ट्रीशीटर हिरासत में

140
0
Major STF action in Bengal CM's PA murder case: History-sheeter from Buxar detained

पटना: पश्चिम बंगाल के उत्तर 24 परगना में भाजपा नेता शुभेंदु अधिकारी के निजी सहायक (PA) चंद्रनाथ रथ हत्याकांड की जांच की आंच अब बिहार के बक्सर जिले तक पहुंच गई है। मामले की जांच कर रही पश्चिम बंगाल एसटीएफ की टीम ने बक्सर से एक हिस्ट्रीशीटर अपराधी को हिरासत में लिया है। इस कार्रवाई के बाद जिले में हलचल तेज हो गई है। जानकारी के अनुसार बंगाल एसटीएफ ने बक्सर जिले के मुफस्सिल थाना क्षेत्र स्थित पांडेयपट्टी में छापेमारी की। यहां से हिस्ट्रीशीटर अपराधी विशाल श्रीवास्तव को हिरासत में लेकर टीम अपने साथ पश्चिम बंगाल ले गई। बताया जा रहा है कि यह कार्रवाई पश्चिम बंगाल के चर्चित चंद्रनाथ रथ हत्याकांड के सिलसिले में की गई है।

चंद्रनाथ रथ को पश्चिम बंगाल के नेता शुभेंदु अधिकारी का करीबी और पीए बताया जा रहा है। मिली जानकारी के अनुसार विशाल श्रीवास्तव के खिलाफ जिले के विभिन्न थानों में हत्या, आर्म्स एक्ट, मारपीट समेत करीब एक दर्जन आपराधिक मामले दर्ज हैं। पुलिस सूत्रों का कहना है कि चंद्रनाथ रथ हत्याकांड में विशाल श्रीवास्तव से कई अहम जानकारियां मिलने की संभावना है। इसी कारण एसटीएफ टीम उससे पूछताछ कर रही है। सूत्रों के मुताबिक पुलिस ने इस मामले में दो अन्य व्यक्तियों को भी पकड़ा है। हालांकि इसकी आधिकारिक पुष्टि अब तक नहीं की गई है। इधर बक्सर पुलिस ने भी अभी तक साफ तौर पर यह नहीं बताया है कि विशाल श्रीवास्तव को शुभेंदु अधिकारी के पीए चंद्रनाथ रथ हत्याकांड में ही हिरासत में लिया गया है या किसी अन्य मामले में यह कार्रवाई हुई है।

GNSU Admission Open 2026

बताया जा रहा है कि हिरासत में लेने के बाद विशाल श्रीवास्तव को पहले मुफस्सिल थाने लाया गया, जहां उससे काफी देर तक पूछताछ की गई। इसके बाद बंगाल एसटीएफ उसे अपने साथ ले गई। यह पूरी कार्रवाई स्थानीय पुलिस के सहयोग से की गई। विशाल श्रीवास्तव की हिरासत की पुष्टि मुफस्सिल थाना के अपर थाना अध्यक्ष मदन कुमार ने की है। वहीं अपर थानाध्यक्ष चंदन कुमार ने बताया कि विशाल को किस मामले में हिरासत में लिया गया है, इसकी स्पष्ट जानकारी पश्चिम बंगाल पुलिस की एसटीएफ ही दे सकती है। उन्होंने कहा कि जिले की पुलिस ने एसटीएफ की कार्रवाई में पूरा सहयोग किया है। हालांकि पूरे घटनाक्रम को लेकर फिलहाल पुलिस खुलकर कुछ भी बताने से बच रही है।