मोहनिया: औरंगाबाद के फेसर थाना क्षेत्र में सीएसपी संचालक को गोली मारकर करीब तीन लाख रुपये, लैपटॉप और अन्य सामान लूटने के मामले में पुलिस ने एक आरोपित को मोहनिया से गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपित की पहचान औरंगाबाद जिले के अकोढ़ीगोला थाना क्षेत्र के अकोढ़ी मेला गांव निवासी मदन कुमार के पुत्र पंकज कुमार के रूप में हुई है। पुलिस ने उसके पास से कथित तौर पर लूट में इस्तेमाल की गई बाइक भी बरामद की है।
जानकारी के अनुसार, घटना की सुबह फेसर थाना क्षेत्र में बढ़ई बिगहा और पिरौटा गांव के बीच बाइक सवार अपराधियों ने सीएसपी संचालक प्रदीप कुमार को ओवरटेक कर रोक लिया था। आरोप है कि अपराधियों ने उनके साथ मारपीट की और गोली मारकर करीब तीन लाख रुपये, लैपटॉप तथा अन्य सामान लूट लिया। घायल संचालक को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया था।
घटना के बाद औरंगाबाद पुलिस आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी कर रही थी। इसी दौरान पुलिस को सूचना मिली कि लूटकांड में शामिल एक आरोपित बाइक से मोहनिया पहुंचा है।
पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर मोहनिया थाना, कुदरा थाना और जिला आसूचना इकाई (डीआईयू) की संयुक्त टीम गठित की गई। टीम ने मोहनिया के पटना मोड़ के पास घेराबंदी कर संदिग्ध को गिरफ्तार कर लिया। तलाशी के दौरान उसके पास से घटना में इस्तेमाल की गई बाइक बरामद हुई।
गिरफ्तारी के बाद औरंगाबाद पुलिस आरोपित को अपने साथ ले गई। मामले में आगे की पूछताछ और कानूनी कार्रवाई जारी है।
मोहनिया थानाध्यक्ष आलोक कुमार ने बताया कि सीएसपी संचालक से लूट के मामले में एक आरोपित को पटना मोड़ से गिरफ्तार किया गया है। उसे औरंगाबाद पुलिस अपने साथ ले गई है।







