सासाराम (रोहतास)। रोहतास जिले में बढ़ती गर्मी अब जानलेवा साबित हो रही है। वही जिले में लू लगने से एक व्यक्ति की मृत्यु की भी खबर सामने आ रही है। बताया जाता है कि शिवसागर थाना क्षेत्र के कोनार गांव निवासी 30 वर्षीय राजू राम आइसक्रीम बेचने का काम करते थे।आइसक्रीम बेचने के दौरान ही अचानक तबियत बिगड़ गई और युवक की मौत हो गई।
मिली जानकारी के अनुसार राजू राम करगहर थाना क्षेत्र के बभनी पहाड़ी के पास आइसक्रीम बेच रहा था। शाम के समय बिक्री का हिसाब करने किए अपने मालिक के पास गया हुआ था। इसी दौरान तेज गर्मी और गर्म हवाओं के बीच उसकी तबीयत अचानक बिगड़ने लगी। उसे बेचैनी महसूस हुई और देखते ही देखते वह जमीन पर गिर पड़ा। आसपास मौजूद लोगों ने तुरंत उसे संभाला और स्थानीय डॉक्टर के पास इलाज के लिए लेकर पहुंचे। लेकिन तब तक काफी देर हो चुकी थी। डॉक्टर ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। परिजनों का कहना है कि तेज धूप और लू लगने के कारण उसकी हालत बिगड़ी, जिससे उसकी जान चली गई। मृतक के साले मंटू राम ने बताया कि राजू रोज की तरह काम पर गए थे, लेकिन अचानक तबीयत खराब होने से यह दुखद घटना हो गई।
घटना के बाद परिवार में कोहराम मच गया है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। वहीं सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सासाराम सदर अस्पताल भेज दिया है। शव को पोस्टमार्टम करने वाले सासाराम सदर अस्पताल के चिकित्सक डॉक्टर अजीत कुमार ने बताया कि मृतक राजू राम की मौत संभवतः लू लगने से हुआ है। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी है। वही स्वास्थ्य विभाग से लोगों को लू से बचान करने की भी सलाह दी हैं। बता दे कि पिछले तीन दिनों से जिले में भीषण गर्मी पड़ रही है। जिले का तापमान 41 डिग्री सेल्सियस के पार चला गया है। जिला स्वास्थ्य विभाग ने लोगों से अपील किया है कि बेवजह घरों से बाहर न निकले। अगर घर से बाहर निकले से सिर पर सफेद सूती का तौलिया लेकर बाहर निकलें।







