
आईपीएल 2026 के शुरुआती मुकाबलों ने एक बड़ा उलटफेर दिखाया है, जहां लीग की सबसे सफल टीमें—मुंबई इंडियंस, चेन्नई सुपर किंग्स और कोलकाता नाइट राइडर्स—प्वाइंट्स टेबल में सबसे नीचे जूझती नजर आ रही हैं। अब तक के प्रदर्शन के आधार पर ये टीमें 8वें, 9वें और 10वें स्थान पर हैं, जो उनके फैंस के लिए निराशाजनक है। सबसे खराब हालात कोलकाता नाइट राइडर्स की है, जिसने छह मैच खेल लिए हैं, लेकिन एक भी जीत दर्ज नहीं कर पाई है। टीम का बल्लेबाजी क्रम लगातार नाकाम रहा है। ओपनर जल्दी आउट हो रहे हैं, जिससे मिडिल ऑर्डर पर दबाव बढ़ रहा है। गेंदबाजी में भी धार की कमी साफ दिख रही है, जबकि लगातार प्लेइंग इलेवन में बदलाव से टीम संतुलन नहीं बना पा रही। वहीं, मुंबई इंडियंस की शुरुआत जीत के साथ हुई, लेकिन उसके बाद टीम ने लगातार चार मैच गंवा दिए। कप्तानी में बदलाव और ऑलराउंडर्स का फीका प्रदर्शन टीम की बड़ी कमजोरी बनकर उभरा है। बल्लेबाजी और गेंदबाजी दोनों विभागों में निरंतरता की कमी साफ दिखाई दे रही है। चेन्नई सुपर किंग्स की बात करें तो टीम इस सीजन में अपने अनुभवी खिलाड़ी महेंद्र सिंह धोनी की कमी महसूस कर रही है। शुरुआती तीन मैच हारने के बाद टीम ने वापसी की कोशिश जरूर की, लेकिन कुल मिलाकर प्रदर्शन उम्मीद के मुताबिक नहीं रहा। बल्लेबाज और गेंदबाज दोनों ही लय में नजर नहीं आ रहे हैं।कुल मिलाकर, आईपीएल की इन दिग्गज टीमों के खराब प्रदर्शन के पीछे असंतुलित टीम संयोजन, खिलाड़ियों की खराब फॉर्म और रणनीतिक कमजोरियां प्रमुख कारण बनकर सामने आई हैं। अगर जल्द सुधार नहीं हुआ, तो इस सीजन में इनके लिए प्लेऑफ की राह मुश्किल हो सकती है।






