
पूर्णिया : कटिहार के गेड़ाबाड़ी के पास शनिवार शाम हुआ भीषण सड़क हादसा पूरे देश को झकझोर गया है। इस दर्दनाक हादसे में 13 लोगों की मौत हो गई, जिससे इलाके में गहरा मातम पसरा हुआ है। घटना के बाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने गहरा दुख जताया है, वहीं राज्य सरकार और जिला प्रशासन ने पीड़ित परिवारों के लिए मुआवजे का ऐलान करते हुए राहत कार्य शुरू कर दिए हैं।हादसे की जानकारी मिलते ही प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सोशल मीडिया के जरिए अपनी संवेदनाएं व्यक्त कीं। उन्होंने कहा कि बिहार के कटिहार में हुआ यह हादसा बेहद दुखद है। जिन लोगों ने अपने अपनों को खो दिया है, उनके प्रति मेरी गहरी संवेदनाएं हैं। साथ ही उन्होंने घायलों के जल्द ठीक होने की कामना भी की। प्रधानमंत्री ने पीएम राहत कोष से मुआवजे का ऐलान किया है। मृतकों के परिजनों को दो लाख रुपये और घायलों को पचास हजार रुपये की सहायता राशि दी जाएगी।
इस हादसे में ज्यादातर मृतक और घायल पूर्णिया जिले के रानीपतरा और डगरुआ इलाके के रहने वाले हैं। इसे देखते हुए पूर्णिया जिला प्रशासन ने भी तुरंत कार्रवाई करते हुए मुख्यमंत्री राहत कोष से सहायता देने का फैसला किया है। राज्य सरकार और जिला प्रशासन की ओर से भी मृतकों के परिजनों को दो लाख रुपये और घायलों को पचास हजार रुपये देने की घोषणा की गई है। प्रशासन ने साफ किया है कि यह राशि बिना किसी देरी के तुरंत दी जाएगी, ताकि पीड़ित परिवारों को इस मुश्किल समय में आर्थिक सहारा मिल सके।हादसे के बाद से ही पूर्णिया जीएमसीएच में घायलों का इलाज युद्धस्तर पर जारी है। एसपी स्वीटी सहरावत और जिला प्रशासन की टीम लगातार डॉक्टरों के संपर्क में बनी हुई है और हर स्थिति पर नजर रख रही है। प्रशासन यह सुनिश्चित कर रहा है कि केंद्र और राज्य सरकार की ओर से घोषित मुआवजा पूरी पारदर्शिता के साथ और बिना देरी के सीधे पीड़ित परिवारों तक पहुंचे।बताया जा रहा है कि सभी लोग झारखंड के कठिया मेला से लौट रहे थे, तभी यह दर्दनाक हादसा हो गया। इस घटना के बाद पूर्णिया के कई गांवों में मातम का माहौल है और हर तरफ शोक की लहर दौड़ गई है। एक तरफ जहां लोग अपने अपनों को खोने के दुख में डूबे हैं, वहीं सरकार और प्रशासन की ओर से दी जा रही आर्थिक मदद इस कठिन समय में उनके लिए सहारा बनने की कोशिश कर रही है।






