रोहतास: रोहतास जिले के सासाराम नगर थाना क्षेत्र अंतर्गत बढ़ैया बाग में रविवार की सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसे में बच्ची समेत तीन लोगों की दर्दनाक मौत हो गई। तीनों मृतक सासाराम नगर थाना क्षेत्र के बाजार समिति के रहने वाले हैं, जिनमें परमानंद कुमार (25), खुशबू देवी (30) एवं लगभग काव्या कुमारी (02) शामिल है।मिली जानकारी के मुताबिक मृतक परमानंद कुमार के दादी की हाल हीं में मौत हो गई थी, जिसको लेकर गांव में श्राद्धकर्म की तैयारी चल रही थी। इसी कर्म में शामिल होने के लिए तीनों एक बाइक पर सवार होकर कोचस थाना क्षेत्र के मैनपुरा गांव जा रहे थे, तभी हादसे का शिकार हो गए।
घटना के संदर्भ में बताया जाता है कि बाइक सवार तीनों लोग सासाराम से कोचस की तरफ जा रहे थे, तभी विपरीत दिशा से आ रही एक तेज रफ्तार ट्रैक्टर से उनकी भिड़ंत हो गई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि बाइक के परखच्चे उड़ गए और घटनास्थल पर हीं तीनों की दर्दनाक मौत हो गई। हादसे के बाद घटनास्थल पर लोगों की भारी भीड़ जमा हो गई और स्थानीय लोगों ने इसकी सूचना पुलिस को दी।वहीं घटना की सूचना पाकर मौके पर पहुंची सासाराम नगर थाने की पुलिस ने तीनों शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल सासाराम भेज दिया। पुलिस के अनुसार घटनास्थल से भाग रहे ट्रैक्टर को पकड़कर जप्त कर लिया गया है और आगे की कार्रवाई चल रही है।







