
खगड़िया; खगड़िया जिले के गोगरी इलाके में पुलिस ने अवैध हथियार और नशे के कारोबार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए दो अलग-अलग मामलों का खुलासा किया है। इस पूरे मामले की जानकारी एसपी राकेश कुमार ने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर दी। उन्होंने बताया कि गोगरी थाना पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर एसडीपीओ साक्षी कुमारी के नेतृत्व में रसलपुर मुश्किपुर गांव में छापेमारी की, जहां एक घर में चल रही मिनी गन फैक्ट्री का भंडाफोड़ किया गया।छापेमारी के दौरान पुलिस ने मुंगेर निवासी 29 वर्षीय मो. शहनवाज आलम को गिरफ्तार किया। बताया जा रहा है कि वह अपने ससुराल में रहकर अवैध हथियार बना रहा था और उनकी तस्करी भी कर रहा था। मौके से पुलिस ने ड्रिल मशीन, वेल्डिंग मशीन, आरी ब्लेड, पिस्टल के बट, मैगजीन स्प्रिंग, रेती, हथौड़ी समेत हथियार बनाने के कई उपकरण बरामद किए। इसके अलावा 7.62 एमएम की 8 गोलियां और दो मोबाइल फोन भी जब्त किए गए। इस मामले में गोगरी थाना में कांड संख्या 108/26 दर्ज कर आर्म्स एक्ट के तहत कार्रवाई शुरू कर दी गई है।
दूसरे मामले में पुलिस को सूचना मिली कि पटना से खगड़िया की ओर कोडीन युक्त कफ सिरप की बड़ी खेप लाई जा रही है। इसके बाद एसपी के निर्देश पर एसडीपीओ साक्षी कुमारी के नेतृत्व में विशेष छापेमारी अभियान चलाया गया।कार्रवाई के दौरान पुलिस ने 239.200 लीटर यानी 2392 बोतल (100 एमएल) कोडीन कफ सिरप, एक बोलेरो गाड़ी और एक मोबाइल फोन जब्त किया। मौके से सौरबाजार, सहरसा निवासी सानू कुमार और दिलखुश कुमार को गिरफ्तार किया गया।पुलिस के अनुसार दोनों आरोपी पहले भी कई मामलों में जेल जा चुके हैं। सानू कुमार पर पहले हथियार से जुड़ा मामला भी दर्ज है। दोनों नशे के अवैध कारोबार में लंबे समय से शामिल बताए जा रहे हैं। इस मामले में महेशखूंट थाना में कांड संख्या 60/26 दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है। पुलिस अब इनके पूरे आपराधिक नेटवर्क की जांच में जुट गई है। इस पूरे अभियान में गोगरी एसडीपीओ साक्षी कुमारी, गोगरी इंस्पेक्टर सुरेंद्र कुमार, महेशखूंट थाना अध्यक्ष मिथिलेश कुमार, गोगरी थाना अध्यक्ष अरविंद, डीआईयू टीम और सशस्त्र बल शामिल रहे।






