बंगलूरू: बंगलूरू की सड़कों पर लैंबॉर्गिनी कार से खतरनाक स्टंट करने का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। अब इस मामले में पुलिस ने कड़ा एक्शन लिया है। पुलिस ने पूर्व अंडरवर्ल्ड डॉन मुथप्पा राय के बेटे रिकी राय को तलब किया है। अधिकारियों ने घटना में शामिल लग्जरी कार को भी जब्त कर लिया है। यह घटना शनिवार तड़के करीब 2 से 3 बजे के बीच अनिल कुंबले सर्कल की बताई जा रही है।
सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो में एक लैंबॉर्गिनी कार बीच सड़क पर तेजी से गोल-गोल घूमती और ड्रिफ्टिंग करती दिख रही है। ड्राइवर ने कार को रिवर्स में भी खतरनाक तरीके से चलाया। इस स्टंट से सड़क पर चल रहे दूसरे लोगों को बड़ा खतरा हो सकता था। मामले में कब्बन पार्क ट्रैफिक पुलिस ने वीडियो का संज्ञान लेते हुए मामला दर्ज किया है। पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज की जांच की, जिससे पुष्टि हुई कि यह कार रिकी राय की है। हालांकि, पुलिस ने अभी यह साफ नहीं किया है कि स्टंट के समय रिकी खुद कार चला रहा था या कोई और। ट्रैफिक पुलिस के उपायुक्त (डीसीपी) साहिल बागला ने इस घटना पर चिंता जताई है।
उन्होंने कहा कि सीसीटीवी फुटेज में कार की खतरनाक हरकतें साफ दिख रही हैं। बंगलूरू की सड़कों पर ऐसे स्टंट करना पूरी तरह गैरकानूनी है। पुलिस ने लापरवाही से गाड़ी चलाने के आरोप में एफआईआर दर्ज की है। पुलिस विभाग गाड़ी का रजिस्ट्रेशन (आरसी) रद्द करने की सिफारिश भी करेगा। रिकी राय के पिता मुथप्पा राय कर्नाटक के अंडरवर्ल्ड का बड़ा चेहरा थे। 1980 और 90 के दशक में बंगलूरू के अपराध जगत में उनका काफी दबदबा था। उन पर हत्या और वसूली जैसे कई गंभीर मामले दर्ज थे। सोशल मीडिया पर भी लोग इस घटना की कड़ी आलोचना कर रहे हैं। कुछ यूजर्स ने कार के रजिस्ट्रेशन पर भी सवाल उठाए हैं। पुलिस अब रिकी राय से पूछताछ कर मामले की जांच कर रही है।







