नयी दिल्ली: इंजीनियरिंग की प्रतिष्ठित प्रवेश परीक्षा Joint Entrance Examination (Main) यानी जेईई मेन्स 2026 सत्र-2 के लिए आवेदन करने का एक और मौका छात्रों को दिया गया है। National Testing Agency (NTA) ने 12 मार्च को रजिस्ट्रेशन विंडो फिर से खोल दी है, ताकि वे छात्र भी आवेदन कर सकें जो पहले किसी कारणवश फॉर्म नहीं भर पाए थे।
इच्छुक उम्मीदवारों को आधिकारिक वेबसाइट पर जाकर आवेदन करना होगा। NTA ने गुरुवार को पंजीकरण लिंक सक्रिय किया, जो सीमित समय के लिए ही खुला रहेगा। उम्मीदवार आज रात 9 बजे तक अपना आवेदन फॉर्म भर सकते हैं। वहीं आवेदन शुल्क जमा करने की अंतिम तिथि 13 मार्च 2026 रात 11:50 बजे तक निर्धारित की गई है।
आवेदन प्रक्रिया के दौरान उम्मीदवारों को पहले आधिकारिक वेबसाइट पर जाकर लॉगिन करना होगा। इसके बाद उन्हें अपना आवेदन फॉर्म भरते समय नाम, माता-पिता का नाम, ईमेल आईडी, मोबाइल नंबर और पता जैसी जरूरी जानकारी दर्ज करनी होगी। साथ ही परीक्षा शहर की प्राथमिकता भी चुननी होगी। उम्मीदवारों को अपनी लाइव फोटो, हस्ताक्षर और कक्षा 10 के प्रमाण पत्र की स्कैन कॉपी अपलोड करनी होगी। आरक्षित श्रेणियों से संबंधित छात्रों को अपने प्रमाण पत्र भी अपलोड करने होंगे। आवेदन शुल्क का भुगतान क्रेडिट कार्ड, डेबिट कार्ड, यूपीआई या इंटरनेट बैंकिंग के माध्यम से किया जा सकता है।
परीक्षा एजेंसी के अनुसार, जेईई मेन्स 2026 सत्र-2 की परीक्षा 2 अप्रैल से 9 अप्रैल के बीच कंप्यूटर आधारित टेस्ट (CBT) मोड में आयोजित की जाएगी। परीक्षा से लगभग 3 से 4 दिन पहले उम्मीदवारों के लिए सिटी इंटिमेशन स्लिप जारी की जा सकती है।
NTA ने बताया कि 25 फरवरी को आवेदन प्रक्रिया बंद होने के बाद कई छात्रों ने पोर्टल दोबारा खोलने की मांग की थी। इसी को ध्यान में रखते हुए एजेंसी ने यह “विशेष विस्तारित अवसर” दिया है। हालांकि एजेंसी ने स्पष्ट किया है कि यह अंतिम मौका है और आवेदन जमा करने के बाद किसी भी प्रकार की सुधार सुविधा उपलब्ध नहीं होगी। इसलिए छात्रों को सलाह दी गई है कि वे फॉर्म भरते समय सभी जानकारी सावधानीपूर्वक और सही तरीके से दर्ज करें।







