बालोद/बेमेतरा। छत्तीसगढ़ में न्यायालय परिसरों को बम से उड़ाने की धमकियों का सिलसिला थमने का नाम नहीं ले रहा है। इसी क्रम में सोमवार को बालोद जिला न्यायालय और बेमेतरा अदालत को ई-मेल के माध्यम से बम से उड़ाने की धमकी मिलने की सूचना से हड़कंप मच गया। सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासन ने तत्काल सुरक्षा व्यवस्था सख्त कर दी।
एहतियात के तौर पर पुलिस ने अदालत परिसर में मौजूद सभी न्यायिक अधिकारियों को सुरक्षित स्थान पर पहुंचाया। वहीं अधिवक्ताओं और अन्य लोगों को भी परिसर से बाहर निकाल दिया गया। इसके बाद बम निरोधक दस्ते और पुलिस टीम ने पूरे परिसर की गहन जांच शुरू कर दी। प्रशासनिक अधिकारियों के मुताबिक फिलहाल अदालत परिसरों की सुरक्षा बढ़ा दी गई है और हर गतिविधि पर नजर रखी जा रही है।
पुलिस ई-मेल के स्रोत की भी जांच कर रही है ताकि धमकी देने वाले तक पहुंचा जा सके। गौरतलब है कि इससे पहले 25 फरवरी को भी छत्तीसगढ़ उच्च न्यायालय को बम से उड़ाने की धमकी मिलने का मामला सामने आया था। इसके अलावा राजनांदगांव, जांजगीर-चांपा और जगदलपुर सहित कई जिलों के न्यायालयों को भी इसी तरह की धमकियां मिल चुकी हैं। हालांकि पूर्व में हुई जांच में ऐसे मामलों को अफवाह या फर्जी संदेश पाया गया था।







