इटावा। उत्तर प्रदेश के इटावा जिले के बकेवर थाना क्षेत्र अंतर्गत गोबियापुर गांव में एक किशोर प्रेमी युगल द्वारा पेड़ से फांसी लगाकर आत्महत्या किए जाने की घटना से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। शनिवार से लापता दोनों के शव गोबियापुर और नगला भजू गांव के बीच एक पेड़ से लटके मिले। घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय थाना पुलिस, क्षेत्राधिकारी (सीओ), अपर पुलिस अधीक्षक तथा फॉरेंसिक टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। पुलिस के अनुसार मृतक किशोर की उम्र लगभग 17 वर्ष और किशोरी की उम्र करीब 15 वर्ष बताई गई है।
परिजनों के मुताबिक दोनों अलग-अलग जाति से थे और विवाह करना चाहते थे, लेकिन परिवारजन इसके लिए तैयार नहीं थे। बताया गया है कि किशोरी की पढ़ाई कक्षा 10 के बाद बंद करा दी गई थी। किशोर के भाई अर्पित ने आरोप लगाया है कि उसके भाई ने आत्महत्या नहीं की, बल्कि दोनों की हत्या कर शवों को पेड़ से लटकाया गया है। किशोर के बाबा अलकेश बाबू ने भी ग्राम प्रधान और उसके समर्थकों पर हत्या का आरोप लगाया है।
वहीं किशोरी के पिता रामनरेश ने कहा कि उन्हें स्पष्ट जानकारी नहीं है कि यह आत्महत्या है या हत्या, पुलिस को निष्पक्ष जांच कर सच्चाई सामने लानी चाहिए। अपर पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण) श्रीश चंद्र ने बताया कि प्रथम दृष्टया मामला आत्महत्या का प्रतीत हो रहा है, हालांकि सभी पहलुओं की जांच की जा रही है। दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए इटावा मुख्यालय भेजा गया है। डॉक्टरों के पैनल द्वारा पोस्टमार्टम के साथ वीडियोग्राफी भी कराई जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही स्थिति स्पष्ट होगी और जो भी दोषी पाया जाएगा, उसके विरुद्ध विधिक कार्रवाई की जाएगी।







