नयी दिल्ली: Block, Inc. ने आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस और इंटेलिजेंस टूल्स के बढ़ते उपयोग के बीच अपने संगठन में बड़े बदलाव की घोषणा की है। कंपनी के सीईओ जैक डॉर्सी के नेतृत्व में लिए गए इस फैसले के तहत 4,000 से अधिक कर्मचारियों की छंटनी की जा रही है। यह कदम ऐसे समय उठाया गया है जब कंपनी का कारोबार मजबूत स्थिति में है और उसका मुनाफा लगातार बढ़ रहा है। डॉर्सी ने इस निर्णय को कंपनी के इतिहास के सबसे कठिन फैसलों में से एक बताया है।
कंपनी के अनुसार, आधुनिक इंटेलिजेंस टूल्स और एआई तकनीकों ने काम करने के तरीके को पूरी तरह बदल दिया है। अब छोटी टीमें भी अधिक कुशलता और तेजी से काम कर पा रही हैं, जिससे बड़े वर्कफोर्स की आवश्यकता कम हो गई है। इस पुनर्गठन के बाद कंपनी का कुल कर्मचारी संख्या 10,000 से घटकर 6,000 से भी कम रह जाएगी। डॉर्सी का मानना है कि भविष्य में कंपनी के हर उत्पाद और सेवा के केंद्र में इंटेलिजेंस आधारित सिस्टम होंगे, जिससे ग्राहक सीधे कंपनी के प्लेटफॉर्म का उपयोग कर नए फीचर्स विकसित कर सकेंगे।
कंपनी की शुरुआत वर्ष 2009 में स्क्वायर के नाम से हुई थी, जिसे 2021 में रीब्रांड कर Block कर दिया गया। इस पुनर्गठन प्रक्रिया में कंपनी को लगभग 450 से 500 मिलियन डॉलर का खर्च आने का अनुमान है। हालांकि, प्रभावित कर्मचारियों के लिए कंपनी ने एक मजबूत सेवरेंस पैकेज की घोषणा की है, जिसमें 20 सप्ताह का वेतन, अतिरिक्त सेवा लाभ, स्वास्थ्य सुविधाएं और ट्रांजिशन सहायता शामिल है।
डॉर्सी ने कहा कि यह कदम कंपनी को भविष्य के लिए तैयार करने और एआई-आधारित कारोबारी मॉडल को अपनाने के लिए जरूरी है। यह फैसला टेक इंडस्ट्री में तेजी से बढ़ते ऑटोमेशन और एआई के प्रभाव को दर्शाता है, जो आने वाले समय में कंपनियों के संचालन और रोजगार संरचना को पूरी तरह बदल सकता है।







