मेरठ। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शनिवार को मेरठ की क्रांतिधरा से नमो भारत रैपिड रेल और मेरठ मेट्रो सेवा का लोकार्पण करते हुए रविवार को कहा कि उत्तर प्रदेश को देश का सबसे बड़ा मैन्युफैक्चरिंग हब बनाने के लिए केंद्र और राज्य की डबल इंजन सरकार निरंतर कार्य कर रही है तथा आधुनिक कनेक्टिविटी विकसित भारत की सबसे बड़ी पहचान बनकर उभर रही है।
प्रधानमंत्री ने कहा कि पहली बार एक ही दिन नमो भारत रैपिड रेल और मेट्रो सेवा का शुभारंभ हुआ है, जो विकसित भारत की कनेक्टिविटी का उत्कृष्ट उदाहरण है। उन्होंने कहा कि शहर के भीतर मेट्रो और ट्विन सिटी विजन को गति देने के लिए नमो भारत जैसी आधुनिक ट्रेन देश में नई क्रांति का संकेत है। उन्होंने कहा कि भाजपा की कार्य संस्कृति शिलान्यास से लेकर लोकार्पण तक परियोजनाओं को समयबद्ध पूरा करने की है, इसलिए अब परियोजनाएं लटकी नहीं रहतीं। उन्होंने स्वयं मेट्रो में सफर करने और विद्यार्थियों व यात्रियों से बातचीत का उल्लेख करते हुए कहा कि लोगों ने इस परिवर्तन की कल्पना भी नहीं की थी।
श्री मोदी ने कहा कि कुछ वर्ष पहले तक शाम होते ही क्षेत्र में भय और असुरक्षा का वातावरण रहता था, जबकि आज कानून व्यवस्था में सुधार और आधुनिक परिवहन सुविधाओं ने विशेषकर महिलाओं और बेटियों के लिए सुरक्षित माहौल सुनिश्चित किया है। उन्होंने बताया कि नमो भारत रैपिड रेल में बड़ी संख्या में बेटियां ट्रेन ऑपरेटर और स्टेशन कंट्रोल जैसे दायित्व निभा रही हैं, जो नारी शक्ति का प्रतीक है। उन्होंने कहा कि वर्ष 2014 से पहले देश में मेट्रो विस्तार की गति अत्यंत धीमी थी और केवल पांच शहरों में मेट्रो सेवा थी, जबकि आज 25 से अधिक शहरों में मेट्रो चल रही है और भारत दुनिया का तीसरा सबसे बड़ा मेट्रो नेटवर्क बन चुका है। प्रधानमंत्री ने कहा कि पश्चिमी उत्तर प्रदेश लघु, कुटीर और एमएसएमई उद्योगों का महत्वपूर्ण केंद्र है। केंद्र सरकार के हालिया बजट में लघु उद्योगों के लिए 10,000 करोड़ रुपये के विशेष कोष की घोषणा की गई है, जिससे एमएसएमई को ऋण उपलब्धता आसान होगी। उन्होंने कहा कि निर्यात नियमों में ढील से मेरठ के खेल उद्योग, मुरादाबाद के पीतल उद्योग, सहारनपुर की लकड़ी कारीगरी, खुर्जा की क्रॉकरी, बागपत के होम फर्निशिंग और अन्य कुटीर उद्योगों को वैश्विक बाजार तक पहुंचने में लाभ मिलेगा।
उन्होंने किसानों के हितों का उल्लेख करते हुए कहा कि पीएम किसान सम्मान निधि के तहत उत्तर प्रदेश के किसानों को लगभग 95 हजार करोड़ रुपये दिए जा चुके हैं, जिनमें मेरठ के किसानों को भी लगभग 800 करोड़ रुपये मिले हैं। उन्होंने कहा कि चौधरी चरण सिंह के विजन को आगे बढ़ाते हुए किसानों की आय बढ़ाने और फूड प्रोसेसिंग को प्रोत्साहन देने पर बल दिया जा रहा है। प्रधानमंत्री ने हाल में आयोजित वैश्विक एआई सम्मेलन का उल्लेख करते हुए कहा कि 80 से अधिक देशों के प्रतिनिधियों की भागीदारी से भारत का वैश्विक मान बढ़ा है। उन्होंने कांग्रेस पर निशाना साधते हुए आरोप लगाया कि कुछ दल भारत की उपलब्धियों को राजनीतिक विवाद का विषय बनाकर देश की छवि धूमिल करने का प्रयास कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि दस वर्ष पूर्व उत्तर प्रदेश की पहचान दंगों, अपराध और खराब कानून व्यवस्था से जुड़ी थी, जबकि आज प्रदेश ब्रह्मोस मिसाइल निर्माण, मोबाइल फोन विनिर्माण, सेमीकंडक्टर परियोजना, नए अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डों और तीव्र औद्योगिक विकास के लिए जाना जा रहा है। मेरठ में स्पोर्ट्स यूनिवर्सिटी का कार्य भी तेजी से प्रगति पर है। प्रधानमंत्री ने कहा कि कानून व्यवस्था में सुधार से व्यापार और निवेश का वातावरण सुदृढ़ हुआ है और नए रोजगार के अवसर सृजित हो रहे हैं। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि डबल इंजन सरकार उत्तर प्रदेश को देश की अग्रणी अर्थव्यवस्था बनाने के लिए प्रतिबद्ध है। सभा के अंत में प्रधानमंत्री ने नमो भारत रैपिड रेल और मेट्रो परियोजना के लिए प्रदेशवासियों को शुभकामनाएं दीं और कहा कि उत्तर प्रदेश का विकास ही विकसित भारत की आधारशिला है।







