Eight people arrested for suspected links with Pakistan's ISI, Bangladesh

नयी दिल्ली। दिल्ली पुलिस की विशेष सेल ने तमिलनाडु से आठ संदिग्ध आतंकवादियों को हिरासत में लिया है। एक अधिकारी ने रविवार को यह जानकारी दी। गिरफ्तार किये गये आरोपियों में एक बंगलादेशी नागरिक भी शामिल है। आरोप है कि ये सभी पाकिस्तान की खुफिया एजेंसी आईएसआई और बंगलादेश स्थित आतंकवादी संगठनों के निर्देश पर भारत में एक बड़े हमले की साजिश रच रहे थे।

सूत्रों के अनुसार, सभी संदिग्धों को तमिलनाडु के तिरुपुर की विभिन्न कपड़ा फैक्ट्रियों से हिरासत में लिया गया और बाद में ट्रेन के जरिए दिल्ली लाया गया। पुलिस ने उनके पास से दर्जनों मोबाइल फोन और सिम कार्ड बरामद किये हैं। अधिकारियों ने बताया कि गिरफ्तार आरोपियों की पहचान मिजानुर रहमान, मोहम्मद शबात, उमर, मोहम्मद लिट्टन, मोहम्मद शाहिद और मोहम्मद उज्जल के रूप में हुई है, जबकि दो अन्य को पश्चिम बंगाल से पकड़ा गया है। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि आरोपी अपनी पहचान छिपाने के लिए फर्जी आधार कार्ड का इस्तेमाल कर रहे थे।

GNSU Admission Open 2026

KATHA CONCERT KOLKATA

एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया, “कपड़ा उद्योग के मजदूर बनकर वे अपने आतंकी नेटवर्क का विस्तार करने में जुटे थे।” पुलिस के अनुसार, आरोपी सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म का इस्तेमाल कर पाकिस्तान स्थित आतंकी संगठनों का प्रचार कर रहे थे और इलाके के युवाओं को प्रभावित करने की कोशिश कर रहे थे। अधिकारियों ने बताया कि आरोपियों से आठ मोबाइल फोन और 16 सिम कार्ड जब्त किये गये हैं। उपकरणों से निकाले गए डेटा में विदेशी हैंडलरों से संपर्क के सबूत मिले हैं और जांचकर्ताओं को सीमा पार से फंडिंग की भी आशंका है। इसके अलावा, आरोपियों के दिल्ली में “आजाद कश्मीर” पोस्टर लगाने और अन्य संदिग्ध गतिविधियों में शामिल होने की जानकारी भी सामने आई है।