रोहतास। सासाराम के कुशवाहा सभा भवन में शनिवार को लोकनायक अमर शहीद जगदेव प्रसाद की जयंती श्रद्धा और सम्मान के साथ मनाई गई। उनके बलिदान को याद किया गया। समाज में समानता, न्याय और बंधुत्व को मजबूती देने में उनके विचारों को वर्तमान दौर में भी प्रासंगिक बताया गया। शहर के कुशवाहा धर्मशाला में आयोजित अमर शहीद जगदेव प्रसाद जयंती समारोह का शुभारंभ दीप प्रज्ज्वलित कर किया गया।
इस दौरान उनके तैलचित्र पर पुष्प अर्पित कर उपस्थित लोगों ने उन्हें श्रद्धांजलि दी और उनके विचारों को आत्मसात करने का संकल्प लिया। जयंती समारोह की अध्यक्षता कुशवाहा सभा भवन समिति के अध्यक्ष पूर्णवासी सिंह ने की। इस अवसर पर नगर निगम की मेयर काजल कुमारी ने कहा कि जगदेव प्रसाद का सामाजिक योगदान अत्यंत महत्वपूर्ण रहा है। उन्होंने समाज के प्रति अपने दायित्वों का निर्वहन करते हुए सर्वोच्च बलिदान दिया। उनकी जीवनी आज की युवा पीढ़ी के लिए प्रेरणास्रोत है। उन्होंने कहा कि हमारा जीवन केवल व्यक्तिगत हितों के लिए नहीं, बल्कि समाज के प्रति भी हमारी जिम्मेदारी है। कार्यक्रम में पहुंचे सिविल सर्जन डॉ. मणिराज रंजन ने कहा कि जगदेव प्रसाद ने हमेशा राष्ट्रहित को सर्वोपरि रखा। उन्होंने अपने क्रांतिकारी विचारों के माध्यम से समाज के अंतिम पायदान पर खड़े लोगों के विकास के लिए संघर्ष किया और शहादत दी।
उनका मानना था कि जब तक गरीब और वंचित वर्ग एकजुट नहीं होंगे, तब तक वास्तविक सामाजिक विकास संभव नहीं है। समाजसेवी सत्यनारायण स्वामी ने कहा कि जगदेव प्रसाद ने जिन सिद्धांतों के लिए अपने प्राणों की आहुति दी, यदि हम उन पर चलें और पूरी निष्ठा से प्रयास करें, तो सामाजिक न्याय और परिवर्तन निश्चित रूप से संभव है। अधिवक्ता रविन्द्र प्रसाद सिंह ने कहा कि जगदेव प्रसाद का बलिदान भले ही दुखद था, लेकिन उनका संघर्ष और विचार आज भी समाज को दिशा दे रहे हैं। उन्होंने कहा कि आज समाज में जो व्यापक भागीदारी देखने को मिल रही है, वह उनके संघर्ष का ही परिणाम है। सामाजिक भेदभाव को समाप्त कर समरस समाज की स्थापना में उनका योगदान अतुलनीय है। वही कार्यक्रम में उपस्थित लोगों ने एक स्वर में उनके आदर्शों पर चलने और समाज में समानता एवं न्याय की स्थापना के लिए निरंतर प्रयास करने का संकल्प लिया।







