एंटरटेनमेंट डेस्क: बॉलीवुड अभिनेता रणवीर सिंह को मिली कथित धमकी और रंगदारी के मामले ने तूल पकड़ लिया है। पुलिस सूत्रों के अनुसार, यह मामला कथित तौर पर लॉरेंस बिश्नोई गैंग से जुड़े बदमाशों से जुड़ा हुआ बताया जा रहा है। ताजा अपडेट में सामने आया है कि गैंग से जुड़े बताए जा रहे हैरी बॉक्सर उर्फ हरी चंद जाट ने व्हाट्सएप वॉयस नोट के जरिए 10 करोड़ रुपये की फिरौती की मांग की थी।
जानकारी के मुताबिक, यह धमकी भरा वॉयस मैसेज एक अमेरिकी नंबर से भेजा गया था, जिससे जांच एजेंसियों की चिंता और बढ़ गई है। पुलिस अब इस अंतरराष्ट्रीय एंगल की गहराई से जांच कर रही है और नंबर की लोकेशन व उपयोगकर्ता की पहचान के लिए अमेरिकी एजेंसियों से संपर्क साधा गया है। साइबर सेल और क्राइम ब्रांच की टीमें तकनीकी साक्ष्यों को खंगाल रही हैं ताकि यह पता लगाया जा सके कि नंबर वास्तव में विदेश से ऑपरेट हो रहा था या वीओआईपी तकनीक का इस्तेमाल किया गया।
सूत्रों का कहना है कि मैसेज में अभिनेता को गंभीर परिणाम भुगतने की धमकी दी गई थी, यदि तय रकम नहीं दी गई। घटना के बाद से रणवीर सिंह की सुरक्षा बढ़ा दी गई है और उनके आवास व कार्यस्थल के आसपास अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले को बेहद गंभीरता से लिया गया है और किसी भी तरह की आपराधिक साजिश को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। जांच एजेंसियां कॉल डिटेल, आईपी लॉग और अन्य डिजिटल सबूतों के आधार पर आरोपियों तक पहुंचने की कोशिश कर रही हैं।
यह मामला एक बार फिर फिल्मी हस्तियों को मिल रही धमकियों और संगठित अपराध के बढ़ते नेटवर्क को लेकर सवाल खड़े करता है। पुलिस का दावा है कि जल्द ही इस मामले में ठोस कार्रवाई की जाएगी।







