बिलासपुर। छत्तीसगढ़ में बिलासपुर शहर के राजकिशोर नगर इलाके में मंगलवार देर रात एक सराफा कारोबारी पर हथियारबंद बदमाशों ने हमला कर करीब एक करोड़ रुपये के आभूषण लूट लिए। जानकारी के अनुसार, वसंत विहार स्थित महालक्ष्मी ज्वेलर्स के संचालक संतोष तिवारी रात लगभग नौ बजे अपनी दुकान बंद कर कार से अपने घर जा रहे थे। इसी दौरान एक वेन ने उनकी गाड़ी के सामने आकर रास्ता रोक लिया। अचानक हुई इस घटना से पहले कि वे कुछ समझ पाते, चार से पांच हमलावर वाहन से उतरे और उनके साथ मारपीट शुरू कर दी। आरोपियों ने हथौड़े और पिस्टल के बट से उनके सिर पर वार किए, जिससे वे गंभीर रूप से घायल होकर सड़क पर गिर पड़े।
घटना के बाद घायल व्यापारी को तत्काल बहतराई रोड स्थित एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनकी हालत चिंताजनक बताई जा रही है। पुलिस अधिकारियों के मुताबिक बदमाश व्यापारी की कार भी साथ ले गए, जिसमें बड़ी मात्रा में आभूषण रखे थे। प्रारंभिक अनुमान के अनुसार लूटी गई संपत्ति की कीमत लगभग एक करोड़ रुपये बताई जा रही है। घटना पास के एक मकान में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है। फुटेज में हमलावरों को कारोबारी को घेरकर हमला करते देखा गया है।
मौके पर पहुंचे एक स्कूटी सवार युवक को भी बदमाशों ने हथियार दिखाकर भगा दिया। वारदात के बाद आरोपी अपनी वेन और एक मोटरसाइकिल घटनास्थल पर छोड़कर व्यापारी की कार से फरार हो गए। पुलिस ने जब्त वाहनों के पंजीयन नंबर के आधार पर जांच शुरू कर दी है और आशंका जताई जा रही है कि ये वाहन चोरी के हो सकते हैं। सूचना मिलते ही वरिष्ठ पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंचे और शहर में नाकेबंदी कर तलाशी अभियान चलाया गया। पुलिस का कहना है कि सीसीटीवी फुटेज और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर आरोपियों की पहचान की जा रही है।







