पश्चिम बंगाल: पश्चिम बंगाल की राजधानी कोलकाता स्थित नेताजी सुभाष चंद्र बोस अंतर्राष्ट्रीय हवाई अड्डा पर शनिवार सुबह उस समय हड़कंप मच गया, जब इंडिगो की एक फ्लाइट में बम होने की आशंका जताई गई। कोलकाता से शिलांग जाने वाली फ्लाइट 6E-7304 के शौचालय से चालक दल के सदस्यों को एक संदिग्ध पत्र मिला, जिसमें विमान के अंदर बम होने का दावा किया गया था। यह पत्र उस समय मिला, जब यात्री विमान में चढ़ रहे थे। सूचना मिलते ही सुरक्षा एजेंसियां तुरंत सक्रिय हो गईं और एहतियात के तौर पर विमान को आइसोलेशन बे में ले जाया गया।
हवाई अड्डा प्रशासन ने सभी यात्रियों को सुरक्षित तरीके से विमान से उतार दिया और पूरे विमान की गहन जांच शुरू कर दी गई। हवाई अड्डे के निदेशक विक्रम सिंह ने बताया कि यात्रियों की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है और इसी कारण तत्काल सभी आवश्यक सुरक्षा प्रोटोकॉल लागू किए गए। बम निरोधक दस्ते और सुरक्षा एजेंसियों ने विमान की पूरी तलाशी ली, जबकि पूरे हवाई अड्डे पर सुरक्षा व्यवस्था भी कड़ी कर दी गई। फिलहाल जांच जारी है और संदिग्ध पत्र की सत्यता का पता लगाने के प्रयास किए जा रहे हैं।
इसी तरह की एक घटना हाल ही में तेलंगाना की राजधानी हैदराबाद स्थित राजीव गांधी अंतर्राष्ट्रीय हवाई अड्डा पर भी सामने आई थी। यहां गल्फ एयर की बहरीन से आने वाली फ्लाइट के संबंध में ईमेल के जरिए विस्फोट की धमकी दी गई थी। बहरीन से आई इस फ्लाइट के सुरक्षित उतरने के बाद सुरक्षा एजेंसियों ने व्यापक जांच की, लेकिन कोई भी संदिग्ध वस्तु नहीं मिली। बाद में इस धमकी को झूठा पाया गया।
लगातार मिल रही ऐसी धमकियों के बीच देश के प्रमुख हवाई अड्डों पर सुरक्षा व्यवस्था और सतर्कता को और मजबूत कर दिया गया है, ताकि यात्रियों की सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके।







