लाइफ स्टाइल: बालों का झड़ना, टूटना और स्कैल्प पर खाली पैच बनना आजकल आम समस्या बन गई है। इसकी वजह जेनेटिक कारण, पोषक तत्वों की कमी, प्रदूषण और गलत हेयर केयर प्रोडक्ट्स का इस्तेमाल हो सकते हैं। ऐसे में कई लोग महंगे शैंपू और ट्रीटमेंट अपनाते हैं, लेकिन जब उनसे फायदा नहीं मिलता तो घरेलू नुस्खों की ओर रुख करते हैं। इसी कड़ी में यूट्यूबर शेफाली रावत का बताया कच्चे प्याज का नुस्खा सोशल मीडिया पर चर्चा में है।
शेफाली रावत ने एक शॉर्ट वीडियो में दावा किया कि अगर इस उपाय को 30 दिनों तक नियमित रूप से हफ्ते में 2-3 बार अपनाया जाए, तो बालों में फर्क नजर आ सकता है। इस नुस्खे के लिए कच्चे प्याज को छीलकर मिक्सी में पीस लें और उसका रस निकाल लें। फिर कॉटन की मदद से इस रस को स्कैल्प की जड़ों तक अच्छी तरह लगाएं। इसे रातभर छोड़ दें और सुबह हल्के शैंपू से बाल धो लें।
बताया जाता है कि प्याज के रस में सल्फर, विटामिन C और एंटीऑक्सीडेंट पाए जाते हैं, जो बालों की जड़ों को पोषण देते हैं। यह स्कैल्प में ब्लड सर्कुलेशन बेहतर करने और नए बालों की ग्रोथ में सहायक माना जाता है। साथ ही, यह डैंड्रफ कम करने और बालों को मजबूत बनाने में भी मदद कर सकता है।
हालांकि, विशेषज्ञों की सलाह है कि किसी भी घरेलू नुस्खे को अपनाने से पहले पैच टेस्ट जरूर करें। प्याज का रस कुछ लोगों की त्वचा पर जलन या एलर्जी पैदा कर सकता है। पहले इसे बांह पर लगाकर परीक्षण करें, फिर स्कैल्प पर इस्तेमाल करें।
(डिस्क्लेमर: यह जानकारी सोशल मीडिया वीडियो पर आधारित है। किसी भी नुस्खे को अपनाने से पहले विशेषज्ञ की सलाह अवश्य लें।)







