
राजस्थान: देश के अलग-अलग हिस्सों से सामने आई दर्दनाक सड़क दुर्घटनाओं ने एक बार फिर तेज रफ्तार और लापरवाही से होने वाले हादसों पर चिंता बढ़ा दी है। राजस्थान के दौसा और कर्नाटक के बीदर व कोलार जिलों में हुई तीन अलग-अलग घटनाओं में कुल 12 लोगों की जान चली गई, जबकि कई अन्य घायल हुए हैं।
राजस्थान के दौसा जिले में नेशनल हाईवे-21 पर सिकंदरा थाना क्षेत्र में एक भीषण सड़क हादसा हुआ। तेज रफ्तार कार अचानक अनियंत्रित होकर डिवाइडर पार कर गई और सामने से आ रहे ट्रक से जा भिड़ी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और उसमें सवार छह लोगों की मौके पर ही मौत हो गई। शवों को बाहर निकालने में पुलिस और स्थानीय लोगों को करीब दो घंटे तक मशक्कत करनी पड़ी। सभी मृतक कालाखोह क्षेत्र के निवासी थे और एक शादी समारोह से लौट रहे थे। हादसे से कुछ समय पहले ही उन्होंने समारोह की तस्वीरें ली थीं, जो अब सोशल मीडिया पर वायरल हो रही हैं।
वहीं कर्नाटक में भी रविवार को दो अलग-अलग हादसों में छह लोगों की जान चली गई। बीदर जिले के हुमनाबाद तालुक में हल्लीखेड़ा के पास एक मोटरसाइकिल पुल से टकरा गई, जिसमें एक ही परिवार के तीन सदस्यों—वेंकट करतमल, उनकी पत्नी शिल्पा और बेटी रक्षिता—की मौत हो गई। उनका बेटा गंभीर रूप से घायल है और अस्पताल में भर्ती है। प्रारंभिक जांच में तेज रफ्तार और नियंत्रण खोना हादसे की वजह माना जा रहा है।
इसके अलावा कोलार जिले के श्रीनिवासपुर में मजदूरों से भरी एक कार पलटने से तीन लोगों की मौत हो गई और दस से अधिक घायल हो गए। पुलिस ने सभी मामलों में केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।






