Home राष्ट्रीय महाराष्ट्र में सियासी घमासान: मोहन भागवत–अदनान सामी मुलाकात पर कांग्रेस का हमला

महाराष्ट्र में सियासी घमासान: मोहन भागवत–अदनान सामी मुलाकात पर कांग्रेस का हमला

99
0
Political turmoil in Maharashtra: Congress attacks Mohan Bhagwat-Adnan Sami meeting

नयी दिल्ली: राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (RSS) के शताब्दी वर्ष के मौके पर मुंबई में आयोजित एक भव्य कार्यक्रम अब राजनीतिक विवाद का कारण बन गया है। इस कार्यक्रम में RSS प्रमुख मोहन भागवत और मशहूर गायक अदनान सामी की मुलाकात तथा साथ में भोजन करने की तस्वीरें सामने आने के बाद महाराष्ट्र की राजनीति में तीखी बयानबाजी शुरू हो गई है। महाराष्ट्र कांग्रेस ने इस मुलाकात पर कड़ा एतराज जताते हुए RSS पर “राष्ट्र-विरोधी” आचरण का आरोप लगाया है और संघ की विचारधारा पर सवाल उठाए हैं।

कांग्रेस ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर पोस्ट कर दावा किया कि अदनान सामी के पिता अरशद सामी खान पाकिस्तान वायु सेना में पायलट थे और 1965 के भारत–पाकिस्तान युद्ध के दौरान पठानकोट एयरबेस पर हुए हमले में शामिल थे। कांग्रेस का कहना है कि ऐसे पारिवारिक पृष्ठभूमि वाले व्यक्ति के साथ RSS प्रमुख की मुलाकात और भोजन करना संघ के राष्ट्रवाद के दावों के विपरीत है। पार्टी ने इसे देश की भावनाओं को ठेस पहुंचाने वाला कदम बताया।

GNSU Admission Open 2026

वहीं, अदनान सामी ने इस पूरे विवाद पर सीधे तौर पर कोई प्रतिक्रिया नहीं दी है, लेकिन उन्होंने अपने फेसबुक अकाउंट पर मोहन भागवत के साथ तस्वीरें साझा करते हुए उनकी प्रशंसा की। पद्म श्री से सम्मानित सामी ने लिखा कि भागवत से मिलना एक सुखद अनुभव था और उन्होंने कई मिथकों व गलतफहमियों को बेहद सहजता से दूर किया। उन्होंने RSS प्रमुख को एक सज्जन और प्रभावशाली व्यक्तित्व बताया।

यह दो दिवसीय कार्यक्रम RSS की स्थापना के 100 वर्ष पूरे होने के उपलक्ष्य में आयोजित किया गया था, जिसमें कला, संस्कृति, खेल और उद्योग जगत से जुड़ी कई जानी-मानी हस्तियों ने हिस्सा लिया। अदनान सामी भी इन्हीं विशिष्ट अतिथियों में शामिल थे।

राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि महाराष्ट्र के मौजूदा सियासी माहौल और आगामी चुनावों को देखते हुए कांग्रेस इस मुद्दे को जोर-शोर से उठा रही है। पार्टी इस विवाद के जरिए RSS और भाजपा के राष्ट्रवाद के नैरेटिव को चुनौती देने की कोशिश कर रही है। फिलहाल, RSS या भाजपा की ओर से कांग्रेस के आरोपों पर कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है, लेकिन यह मामला राज्य की राजनीति में आने वाले दिनों में और तूल पकड़ सकता है।

GNSU Admission Open 2026