Home राष्ट्रीय गढ़चिरोली में पुलिस को बड़ी कामयाबी 25 लाख के इनामी टॉप कमांडर...

गढ़चिरोली में पुलिस को बड़ी कामयाबी 25 लाख के इनामी टॉप कमांडर ‘प्रभाकर’ समेत 7 नक्सली ढेर, एक जवान शहीद

200
0
Major success for police in Gadchiroli: 7 Naxalites killed, including top commander 'Prabhakar', carrying a bounty of 25 lakh rupees; one soldier martyred.

राजपुर। महाराष्ट्र के गढ़चिरोली जिले में सुरक्षाबलों ने अब तक के सबसे बड़े नक्सल विरोधी अभियानों में से एक को अंजाम देते हुए नक्सलियों की कमर तोड़ दी है। आज पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार 6 और 7 फरवरी को चले इस भीषण मुठभेड़ में पुलिस की सी-60 कमांडो यूनिट ने 25 लाख रुपये के इनामी टॉप नक्सली कमांडर ‘प्रभाकर’ सहित कुल 7 नक्सलियों को मार गिराया है। इस साहसिक ऑपरेशन में सी-60 के एक बहादुर जवान दीपक चिन्ना मडावी देश के लिए सर्वोच्च बलिदान देते हुए शहीद हो गए। पुलिस सूत्रों के अनुसार, खुफिया एजेंसियों से सूचना मिली थी कि छत्तीसगढ़ सीमा से सटे अबुझमाड़ के घने जंगलों में नक्सलियों का एक बड़ा दल और ‘कंपनी नंबर 10’ के सदस्य सक्रिय हैं।

इसके बाद गढ़चिरोली पुलिस की विशेष यूनिट सी -60 और सीआरपीएफ की टुकड़ियों ने 3 फरवरी की रात से ही नारायणपुर-गढ़चिरोली सीमा के पास फोड़ेवाड़ा गांव के जंगलों में सर्च ऑपरेशन शुरू किया था। अभियान के दौरान नक्सलियों ने पुलिस पार्टी पर अंधाधुंध गोलीबारी शुरू कर दी। जवाबी कार्रवाई में सुरक्षाबलों ने मुंहतोड़ जवाब दिया। 6 फरवरी शुक्रवार को मुठभेड़ के बाद पुलिस ने घटनास्थल से भारी मात्रा में हथियार और कुछ नक्सलियों के शव बरामद किए। 7 फरवरी शनिवार को भी सर्च ऑपरेशन जारी रहने पर कुल मारे गए नक्सलियों की संख्या 7 जिनमें 4 पुरुष और 3 महिलाएं हो गई। मारे गए नक्सलियों में सबसे बड़ा नाम ‘प्रभाकर’ उर्फ लोकेटी चंदर राव का है। वह तेलंगाना के कामारेड्डी का रहने वाला था और नक्सलियों की ‘गढ़चिरोली डिवीजनल कमेटी’ का प्रभारी था। उस पर सरकार ने 25 लाख रुपये का इनाम घोषित कर रखा था। उसका मारा जाना नक्सली संगठन के लिए एक बहुत बड़ा झटका माना जा रहा है।

GNSU Admission Open 2026

इस ऑपरेशन में सी -60 यूनिट के कमांडो दीपक चिन्ना मडावी (38 वर्ष) ने अदम्य साहस का परिचय दिया। उन्होंने दो नक्सलियों को ढेर कर दिया, लेकिन गोलीबारी के दौरान वे गंभीर रूप से घायल हो गए। उन्हें एयरलिफ्ट करके अस्पताल ले जाया गया, जहाँ इलाज के दौरान वे शहीद हो गए। वहीं, एक अन्य जवान जोगा मडावी घायल हैं, जिनका इलाज जारी है और उनकी स्थिति खतरे से बाहर बताई गई है। घटनास्थल से पुलिस ने भारी मात्रा में हथियार बरामद किए हैं, जिनमें 3 एके-47 राइफल ,1 एसएलआर , 1 .303 राइफल और भारी मात्रा में गोला-बारूद और नक्सली साहित्य शामिल है। गढ़चिरोली पुलिस के वरिष्ठ अधिकारियों ने बताया कि यह ऑपरेशन बेहद दुर्गम इलाके में तीन दिन और तीन रात तक चला। पुलिस इसे नक्सलवाद के खात्मे की दिशा में एक ‘निर्णायक प्रहार’ मान रही है। प्रशासन ने शहीद जवान दीपक मडावी को श्रद्धांजलि अर्पित की है।

GNSU Admission Open 2026