नई दिल्ली। आईसीसी अंडर-19 वर्ल्ड कप में रविवार को महा-मुकाबला होना है। भारत और पाकिस्तान की टीमें बुलबायो में मैदान पर उतरेंगी। इस मैच में भारतीय टीम के स्टार बल्लेबाज वैभव सूर्यवंशी पाकिस्तान के एक गेंदबाज से अपना पुराना बदला लेना चाहेंगे। भारत और पाकिस्तान की टीमें अंडर-19 एशिया कप के सेमीफाइनल में भी भिड़ी थीं। 14 दिसंबर को खेले गए इस मैच में पाकिस्तान के गेंदबाज मोहम्मद सय्यम ने वैभव को अपनी ही गेंद पर कैच पकड़कर आउट कर दिया था। इसके बाद उन्होंने वैभव को आंखें भी दिखाई थीं। अब वैभव उस मैच का बदला लेने को तैयार हैं। सय्यम ने वैभव को आउट करने के बाद उनको आंखे दिखाते हुए गुस्सा दिखाया था। वैभव भी पीछे नहीं हटे थे और उन्होंने सय्यम को हाथों से इशारा कर जवाब दिया था कि तुम अभी बच्चे हो। वैभव जानते हैं कि असली जवाब बल्ले से दिया जाता है।
वह इस बात के लिए तैयार बैठे होंगे कि सय्यम उनके सामने आएं और वह अपने बल्ले से उनकी गेंदों की जमकर धुनाई करेंगे। वैभव में इस बात की पूरी काबिलियत है। सभी जानते हैं कि अगर वैभव का बल्ला चल गया तो फिर उनको रोकना काफी मुश्किल है। फिर सय्यम ही नहीं, पूरी पाकिस्तानी टीम कुछ भी बोलने की हालत में नहीं रहेगी। पाकिस्तान भी इस बात को जानता है कि उसके लिए जरूरी है कि वैभव को रोकें। सय्यम भी इस समय खौफ में होंगे और जानते होंगे कि भारतीय बल्लेबाज उनसे बदला लेने की तैयारी में बैठा है। ये सोचकर उनको भी कहीं न कहीं डर लग रहा होगा पाकिस्तानी टीम ने वैभव को रोकने के लिए प्लान जरूर बनाया होगा, लेकिन जब भारतीय बल्लेबाज का बल्ला चलता है तो फिर किसी भी गेंदबाज की नहीं चलती।







