नई दिल्ली/ढाका। आईसीसी टी20 वर्ल्ड कप में बांग्लादेश की भागीदारी को लेकर चल रही अटकलों पर अब विराम लग गया है। बांग्लादेश क्रिकेट टीम ने आधिकारिक तौर पर भारत में होने वाले टी20 वर्ल्ड कप से हटने का फैसला कर लिया है। इसके बाद अब बांग्लादेश की जगह स्कॉटलैंड को टूर्नामेंट में शामिल किया जाएगा। आईसीसी ने बांग्लादेश को इस मुद्दे पर अंतिम फैसला लेने के लिए 24 घंटे का समय दिया था। इसी कड़ी में गुरुवार को ढाका में बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड (BCB) और बांग्लादेश सरकार के बीच अहम बैठक हुई। बैठक के बाद बीसीबी अध्यक्ष ने साफ कर दिया कि बांग्लादेश की टीम भारत में टी20 वर्ल्ड कप का एक भी मैच नहीं खेलेगी।
बीसीबी अध्यक्ष ने इस फैसले के लिए आईसीसी को जिम्मेदार ठहराते हुए कहा कि आईसीसी ने उनके मैचों को भारत से बाहर शिफ्ट करने की मांग को नहीं माना। उन्होंने आरोप लगाया कि आईसीसी की बैठकों में केवल बीसीसीआई की बात सुनी गई और अन्य बोर्डों की राय को नजरअंदाज किया गया।
बीसीबी अध्यक्ष ने कहा,
“आईसीसी के फैसलों से 20 करोड़ लोग निराश हुए हैं। वर्ल्ड क्रिकेट की लोकप्रियता कम होती जा रही है और इसके लिए आईसीसी जिम्मेदार है। हम इस लड़ाई को आगे भी जारी रखेंगे।” बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड ने एक बार फिर भारत में सुरक्षा को लेकर सवाल उठाए। बोर्ड के एक वरिष्ठ अधिकारी ने कहा कि पूरी बांग्लादेश टीम के लिए भारत में सुरक्षा बड़ा मुद्दा है। उन्होंने दावा किया कि उनके एक खिलाड़ी को सुरक्षा कारणों से एक टूर्नामेंट से बाहर किया गया था और ऐसे में पूरी टीम को सुरक्षित रखना संभव नहीं है।
बीसीबी का कहना है कि वह वर्ल्ड कप में खेलना चाहता था, लेकिन खिलाड़ियों की सुरक्षा से समझौता नहीं किया जा सकता। हालांकि आईसीसी ने सुरक्षा को लेकर सभी आश्वासन दिए थे, लेकिन बांग्लादेश बोर्ड इन दावों से संतुष्ट नहीं हुआ। गौरतलब है कि इससे पहले भी बांग्लादेश ने सुरक्षा कारणों से भारत में अपने सभी मैच किसी अन्य देश में कराने की मांग की थी, जिसे आईसीसी ने खारिज कर दिया था। इसके बाद बांग्लादेश ने टूर्नामेंट से हटने का कठोर फैसला लिया। अब आईसीसी ने बांग्लादेश की जगह स्कॉटलैंड को टी20 वर्ल्ड कप में शामिल करने का निर्णय लिया है और स्कॉटलैंड की टीम भारत में निर्धारित सभी मुकाबले खेलेगी।







