एंटरटेनमेंट डेस्क: फिल्म ‘बॉर्डर 2’ की रिलीज से पहले अभिनेता वरुण धवन लगातार सुर्खियों में बने हुए हैं। हाल ही में फिल्म के गाने ‘घर कब आओगे’ के रिलीज के बाद उनके एक्सप्रेशन और अभिनय को लेकर सोशल मीडिया पर ट्रोलिंग शुरू हो गई थी। इस पर वरुण ने एक इवेंट के दौरान प्रतिक्रिया देते हुए कहा था कि वह शोर मचाने के बजाय अपने काम को बोलने देना पसंद करते हैं। उनके मुताबिक, आलोचना आती-जाती रहती है और इसका असर उनके काम पर नहीं पड़ता।
अब वरुण धवन ने सोशल मीडिया पर एक भावुक पोस्ट शेयर कर फिल्म ‘बॉर्डर 2’ और अपने अनुभवों को लेकर खुलकर बात की है। इंस्टाग्राम पर साझा की गई पोस्ट में उन्होंने फिल्म से जुड़ी कई बिहाइंड द सीन (BTS) तस्वीरें शेयर कीं। इन तस्वीरों के साथ वरुण ने लिखा कि ‘बॉर्डर 2’ एक ऐसी फिल्म है जिसने उन्हें उनकी सीमाओं तक पहुंचा दिया। इस फिल्म ने न सिर्फ उन्हें एक बेहतरीन अनुभव दिया, बल्कि हमेशा के लिए बदल भी दिया।
वरुण ने बताया कि फिल्म की शूटिंग के दौरान उन्हें कई चोटें लगीं और निजी जीवन में भी बदलाव आए। उन्होंने यह भी कहा कि इस प्रोजेक्ट ने उन्हें अपने काम के प्रति और ज्यादा जिम्मेदार बनाया। पोस्ट में उन्होंने फिल्म से जुड़ी टीम का शुक्रिया अदा करते हुए लिखा कि बहुत से लोगों ने इस सफर में उनकी मदद की। साथ ही उन्होंने दर्शकों से फिल्म देखने की अपील भी की।
इस बीच फिल्म की निर्माता निधि दत्ता ने वरुण धवन की तारीफ करते हुए कहा कि अगर दर्शक ट्रेलर में उनके अभिनय से हैरान हुए हैं, तो फिल्म में वह और भी ज्यादा चौंकाएंगे। निधि के मुताबिक, सेट पर और फिल्म देखने के बाद वरुण की परफॉर्मेंस ने उन्हें भी हैरान कर दिया।
गौरतलब है कि ‘बॉर्डर 2’ में वरुण धवन के साथ सनी देओल, दिलजीत दोसांझ और अहान शेट्टी अहम भूमिकाओं में नजर आएंगे। यह फिल्म 1997 में आई सुपरहिट फिल्म ‘बॉर्डर’ का सीक्वल है और 23 जनवरी 2026 को रिलीज होने जा रही है। दर्शकों को इस देशभक्ति से भरपूर फिल्म का बेसब्री से इंतजार है।







