Home राष्ट्रीय दिल्ली में लॉरेंस बिश्नोई गैंग का शूटर गिरफ्तार, हथियार तस्करी में भी...

दिल्ली में लॉरेंस बिश्नोई गैंग का शूटर गिरफ्तार, हथियार तस्करी में भी था वांटेड

133
0
Lawrence Bishnoi gang shooter arrested in Delhi, also wanted in arms smuggling case

नयी दिल्ली: दिल्ली पुलिस की क्राइम ब्रांच ने कुख्यात लॉरेंस बिश्नोई गैंग के सदस्य और वांटेड शूटर प्रदीप शर्मा उर्फ गोलू (23) को गिरफ्तार किया है। आरोपी आगरा, उत्तर प्रदेश का रहने वाला है और उसे 16 जनवरी को दक्षिण-पश्चिम दिल्ली के उत्तम नगर इलाके से दबोचा गया। उस पर राजस्थान के एक बड़े कारोबारी से 4 करोड़ रुपये की रंगदारी मांगने, गोलीबारी करने और गिरोह के लिए अवैध हथियारों की तस्करी करने का गंभीर आरोप है।

पुलिस के अनुसार, राजस्थान में संगठित अपराध की बढ़ती घटनाओं के बाद क्राइम ब्रांच ने बिश्नोई गिरोह के सक्रिय सदस्यों की धरपकड़ के लिए विशेष अभियान शुरू किया था। जांच में सामने आया कि प्रदीप शर्मा गिरोह के लिए हथियार सप्लाई करने का मुख्य नेटवर्क संभाल रहा था। वह राजस्थान में दर्ज कई मामलों में वांछित था और लगातार आपराधिक गतिविधियों में शामिल था।

GNSU Admission Open 2026

मार्च 2025 में गंगानगर के जवाहर नगर इलाके में गिरोह के सदस्यों ने एक व्यापारी से 4 करोड़ रुपये की रंगदारी मांगी थी। रकम न देने पर मई में शर्मा और उसके साथियों ने व्यापारी के घर पर फायरिंग की। इस मामले में जवाहर नगर थाने में केस दर्ज हुआ था, जिसके बाद शर्मा को गिरफ्तार किया गया, लेकिन बाद में वह जमानत पर रिहा हो गया। रिहाई के बाद उसने फिर से गिरोह के लिए काम शुरू कर दिया और राजस्थान में अपराधियों को हथियार व गोला-बारूद पहुंचाने लगा।

पुलिस ने हाल ही में गिरोह के चार अन्य साथियों को गिरफ्तार कर बड़ी संख्या में अवैध हथियार बरामद किए थे। पूछताछ में खुलासा हुआ कि ये हथियार प्रदीप शर्मा के जरिए ही सप्लाई किए गए थे। इसके बाद उसके खिलाफ एक और प्राथमिकी दर्ज की गई और लगातार निगरानी के बाद उसे दिल्ली से पकड़ लिया गया। पुलिस ने आरोपी को आगे की पूछताछ के लिए राजस्थान पुलिस को सौंप दिया है और उसके नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की तलाश जारी है।

GNSU Admission Open 2026