एंटरटेनमेंट: भारतीय सेना दिवस 2026 के अवसर पर फिल्म ‘बॉर्डर 2’ का ट्रेलर रिलीज होते ही फैंस के बीच हॉट टॉपिक बन गया है। ट्रेलर में सनी देओल, वरुण धवन, दिलजीत दोसांझ और अहान शेट्टी भारतीय सेना, वायुसेना और नौसेना के अफसरों की भूमिका में दिखाई दे रहे हैं। फिल्म में देशभक्ति, एक्शन और भावनाओं का शानदार मिश्रण है, जिसने दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया है।
ट्रेलर में सनी देओल के जोशीले और धमाकेदार डायलॉग्स, जैसे ‘है वो जुर्रत?’ ने फैंस का दिल जीत लिया। नेटिजन्स ने सोशल मीडिया पर अपने विचार साझा किए और उनके कमेंट्स से साफ पता चलता है कि सनी का जलवा अब भी उतना ही असरदार है। एक यूजर ने लिखा, “‘बॉर्डर 2’ का ट्रेलर धमाकेदार है। सनी शेर की तरह दहाड़ते हैं, वरुण कमाल का प्रदर्शन करते हैं, दिलजीत आसमान पर राज करते हैं और अहान समुद्र पर अपना दबदबा दिखाते हैं। रोंगटे खड़े हो जाते हैं।”
फैंस ने सनी के पुराने जोश और गुस्से की तुलना पिछले बॉर्डर फिल्म से की और कहा कि उनकी उपस्थिति से पुरानी यादें ताजा हो जाती हैं। एक ने लिखा, “सनी देओल को बॉर्डर फिल्म में वापस देखना बेहद सुकून देने वाला है। ऐसा लगता है कि यह फिल्म परिवार के साथ बड़े पर्दे पर तिरंगे को दिल में बसाकर देखी जानी चाहिए।”
सोनू निगम का गाना और ट्रेलर में दिखाया गया एक्शन भी दर्शकों को बेहद पसंद आया। कई यूजर भावुक होकर कमेंट कर रहे हैं कि ट्रेलर देखकर उनके दिल में देशभक्ति का जोश भर गया और आंखों में आंसू आ गए।
‘बॉर्डर 2’ टी-सीरीज और जेपी दत्ता की टीम द्वारा निर्मित है, जबकि अनुराग सिंह इसका निर्देशन कर रहे हैं। फिल्म में मोना सिंह, अन्या सिंह, सोनम बाजवा और मेधा राणा भी महत्वपूर्ण भूमिकाओं में हैं। फिल्म 23 जनवरी को दुनिया भर के सिनेमाघरों में रिलीज हो रही है और फैंस इसे ब्लॉकबस्टर बनने की उम्मीद में बेसब्री से इंतजार कर रहे हैं।







