बेगसूराय: बेगूसराय जिले के मंसूरचक थाना क्षेत्र में शनिवार देर शाम बदमाशों ने जदयू कार्यकर्ता पर हमला कर गोली मार दी। घटना जमालदीपुर टोला के पास मकदमपुर–समसा सड़क पर हुई। घायल की पहचान मंसूरचक थाना क्षेत्र के समसा पंचायत-1 वार्ड नंबर-5 निवासी बबलू कुमार महतो (35) के रूप में हुई है। बबलू जदयू के सक्रिय कार्यकर्ता हैं, जबकि उनकी पत्नी ममता कुमारी पंचायत की वर्तमान उपमुखिया हैं। जानकारी के अनुसार, बबलू देर शाम खेत से घर लौट रहे थे, तभी घात लगाए बदमाशों ने उन पर दो राउंड फायरिंग की। एक गोली उनके हाथ में लग गई। गोली की आवाज सुनकर आसपास के लोग दौड़े, लेकिन हमलावर अंधेरे का फायदा उठाकर भाग निकले। स्थानीय लोगों ने तुरंत बबलू को मंसूरचक पीएचसी पहुंचाया, जहां से उन्हें बेहतर इलाज के लिए रेफर कर दिया गया। पुलिस ने मौके से एक खोखा बरामद किया है। घटना की जानकारी मिलते ही तेघड़ा डीएसपी कृष्ण कुमार और मंसूरचक थानाध्यक्ष गोविंद कुमार पांडेय दलबल के साथ मौके पर पहुंचे और जांच शुरू कर दी।







