Home बिहार शराब के पैसों के विवाद में बदमाशों ने महिला को मारी गोली,...

शराब के पैसों के विवाद में बदमाशों ने महिला को मारी गोली, बच्ची को अगवा करने की भी कोशिश

348
0

नालंदा: नालंदा जिले के कल्याण विगहा थाना क्षेत्र के बड़ी आमर गांव में रविवार देर रात बदमाशों ने ताबड़तोड़ फायरिंग कर एक महिला की हत्या कर दी। घटना के बाद से पूरे इलाके में दहशत का माहौल है। मृतका की पहचान बड़ी आमर गांव निवासी मेघन मांझी की पत्नी संजू देवी (45) के रूप में हुई है। मृतका के भतीजे मनोज मांझी ने बताया कि कुछ दिन पहले उनके चाचा ने चंडी थाना क्षेत्र के मोकिमपुर गांव के बदमाशों के साथ शराब पी थी।

करीब 200-300 रुपये का लेन-देन होने के कारण विवाद खड़ा हो गया। उसी बात को लेकर रविवार को तीन-चार की संख्या में बदमाश उनके घर पर आ धमके। मनोज के अनुसार, बदमाश घर की एक लड़की को जबरन पकड़कर ले जाने की कोशिश करने लगे। जब परिवार वालों ने इसका विरोध किया तो बदमाशों ने अंधाधुंध गोलीबारी शुरू कर दी। इसी दौरान एक गोली संजू देवी के सीने में लगी और उन्होंने मौके पर ही दम तोड़ दिया। घटना को अंजाम देने के बाद आरोपी हवाई फायरिंग करते हुए मौके से फरार हो गए। अचानक हुई गोलीबारी से पूरे गांव में अफरा-तफरी मच गई।

GNSU Admission Open 2026

सूचना मिलते ही कल्याण विगहा और हरनौत थाने की पुलिस मौके पर पहुंची। कल्याण विगहा थानाध्यक्ष सुषमा कुमारी ने बताया कि प्राथमिक जांच में मोकिमपुर गांव के बदमाशों की संलिप्तता सामने आई है। शव को पोस्टमॉर्टम के लिए बिहार शरीफ मॉडल अस्पताल भेज दिया गया है। साथ ही फॉरेंसिक टीम को भी साक्ष्य एकत्र करने के लिए बुलाया गया है। पुलिस ने आरोपियों की तलाश में छापेमारी तेज कर दी है। संजू देवी की मौत के बाद परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। उनके पांच बेटे और तीन बेटियां हैं, जो अब अपनी मां के साए से वंचित हो गए। गांव में मातमी सन्नाटा पसरा हुआ है।

GNSU Admission Open 2026