
एंटरटेनमेंट : साउथ की दिग्गज अभिनेत्री सरोजा देवी का सोमवार, 14 जुलाई, 2025 को 87 वर्ष की आयु में निधन हो गया। बताया जा रहा है कि अभिनेत्री का निधन उम्र संबंधी बीमारियों की वजह से हुआ। उन्होंने कन्नड़ और तमिल के अलावा हिंदी फिल्मों में भी काम किया है। सोशल मीडिया पर रजनीकांत, सिमरन और कर्नाटक के मुख्यमंत्री ने उनके निधन पर शोक जताया है।
साउथ के सुपरस्टार रजनीकांत ने उनके निधन पर शोक जताया है और उन्हें श्रद्धांजलि दी है। उन्होंने एक्स पर लिखा है ‘महान अभिनेत्री सरोजा देवी जिन्होंने करोड़ों फैंस दिल जीते, वह अब हमारे साथ नहीं हैं। मेरी प्रार्थना है कि उनकी आत्मा को शांति मिले।’ अभिनेत्री सिमरन ने एक्स पर लिखा ‘मशहूर सरोजा देवी अम्मा नहीं रहीं, लेकिन भारतीय सिनेमा में उनकी विरासत अमर रहेगी। मुझे उनके साथ ‘वंस मोर’ में काम करने का मौका मिला था। यह गर्व का क्षण आज और भी ज्यादा कीमती लगता है। मैं उनके लिए प्रार्थना करती हूं। उनकी आत्मा को शांति मिले। ओम शांति।’
बी. सरोजा देवी ने लगातार सबसे ज्यादा फिल्मों में बतौर लीड एक्ट्रेस काम किया है। उन्होंने साल 1955 से 1984 तक 161 फिल्मों में लीड रोल प्ले किया। अपने पूरे करियर के दौरान सरोजा देवी को सिनेमा में उनके योगदान के लिए कई सम्मान मिले। उन्हें 1969 में पद्मश्री और 1992 में पद्मभूषण से सम्मानित किया गया। इसके अलावा उन्हें तमिलनाडु का कलाईममणि पुरस्कार और बैंगलोर विश्वविद्यालय से डॉक्टरेट की मानद उपाधि मिली।






