
बिहार: सीतामढ़ी जिले के भुतही मधुबन कॉलेज के खेल मैदान में एक युवक की बेरहमी से हत्या कर दी गई। वारदात से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई है। मृतक की पहचान विशनपुर गोनाही पंचायत के वार्ड संख्या-1 स्थित मधुबन गांव निवासी मो. जलील शेख के 35 वर्षीय पुत्र मो. सलीम शेख के रूप में हुई है। घटना की सूचना मिलते ही भुतही थाना प्रभारी रणवीर कुमार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और जांच शुरू कर दी।
चूंकि घटनास्थल वन विभाग की सीमा से सटा हुआ है, इसलिए फॉरेस्ट टीम को भी मौके पर बुलाया गया। स्वजनों के अनुसार, मंगलवार की रात करीब 9 बजे सलीम अपनी बाइक से मधुबन चौक पर खड़ा था। तभी गांव के कुछ युवक उसे बुलाकर ले गए, जिसके बाद वह घर नहीं लौटा। अगली सुबह जब स्थानीय लोग मॉर्निंग वॉक के लिए निकले, तो कॉलेज के खेल मैदान में उसका रक्तरंजित शव पड़ा मिला। सलीम के सिर पर कुल्हाड़ी और ईंट से किए गए कई गहरे वार के निशान मिले हैं, जिससे साफ है कि हत्या बेहद क्रूर तरीके से की गई। पुलिस को घटनास्थल से मृतक की बाइक, एक कुल्हाड़ी, चप्पल और अन्य सामान बरामद हुआ है।
प्रारंभिक जांच में यह मामला पूर्व नियोजित साजिश का प्रतीत हो रहा है। पुलिस अब उन युवकों की तलाश में जुटी है, जिन्होंने रात में सलीम को बुलाया था। इधर, घटना के बाद गांव में तनाव का माहौल है। एहतियातन अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती कर दी गई है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। फिलहाल पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और हत्या के कारणों की गहराई से जांच की जा रही है।






