
मोहाली: बंदी सिखों की रिहाई समेत विभिन्न मांगों को लेकर कौमी इंसाफ मोर्चा के राज्यव्यापी बंद का शुक्रवार को मोहाली में व्यापक असर देखने को मिला। बंद के चलते मोहाली बस अड्डे पर सरकारी और निजी बसों का संचालन पूरी तरह प्रभावित रहा, जिससे यात्रियों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा।
पंजाब बंद के कारण बस अड्डे पर यात्री बसों के इंतजार में परेशान नजर आए। सरकारी और निजी बसों के चक्का जाम रहने से मोहाली से आने-जाने वाले यात्रियों की आवाजाही प्रभावित हुई। कई यात्रियों को अपने गंतव्य तक पहुंचने के लिए वैकल्पिक साधनों का सहारा लेना पड़ा।
बंद को देखते हुए मोहाली में सुरक्षा व्यवस्था भी कड़ी कर दी गई है। पुलिस उपाधीक्षक हरसिमरन सिंह बाल ने बताया कि जिले के अलग-अलग संवेदनशील स्थानों पर करीब 1,500 पुलिसकर्मियों की तैनाती की गई है।
पुलिस अधिकारियों के मुताबिक, संवेदनशील क्षेत्रों में लगातार निगरानी रखी जा रही है और किसी भी अप्रिय स्थिति से निपटने के लिए सुरक्षा बलों को तैयार रखा गया है। पुलिस की ओर से शरारती तत्वों पर विशेष नजर रखी जा रही है।
अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि कानून-व्यवस्था बिगाड़ने या किसी तरह की हिंसक गतिविधि करने की कोशिश करने वालों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। प्रशासन की ओर से लोगों से शांति बनाए रखने और आवश्यक होने पर ही प्रभावित क्षेत्रों में जाने की अपील की गई है।






