Home राष्ट्रीय देवरिया में ‘गुड मॉर्निंग’ अभियान तेज, पार्कों और स्कूलों के आसपास पुलिस...

देवरिया में ‘गुड मॉर्निंग’ अभियान तेज, पार्कों और स्कूलों के आसपास पुलिस की पैनी नजर

17
'Good Morning' campaign intensifies in Deoria, police keep a close watch around parks and schools

देवरिया: उत्तर प्रदेश के देवरिया जिले में आमजन की सुरक्षा और महिला-बालिका सुरक्षा को मजबूत करने के उद्देश्य से शुक्रवार को ‘गुड मॉर्निंग देवरिया’ और एंटी रोमियो चेकिंग अभियान चलाया गया। पुलिस अधीक्षक अभिजित आर. शंकर के निर्देशन में जिले के सभी थाना क्षेत्रों में पुलिस टीमों ने सुबह के समय विशेष सतर्कता बरती।

अभियान के तहत पार्कों, स्टेडियमों, प्रमुख मंदिरों, शिवालयों, मुख्य मार्गों और विद्यालयों के आसपास पुलिस बल तैनात रहा। पुलिस टीमों ने मॉर्निंग वॉक पर निकले महिला और पुरुष नागरिकों से संवाद कर उनकी समस्याओं और सुझावों की जानकारी ली। पुलिस ने नागरिकों को सुरक्षित वातावरण उपलब्ध कराने का भरोसा भी दिलाया।

GNSU Admission Open 2026

अभियान के दौरान बुजुर्ग नागरिकों से भी पुलिसकर्मियों ने बातचीत की और उनकी आवश्यकताओं के बारे में जानकारी जुटाई। उन्हें किसी भी परेशानी की स्थिति में पुलिस से संपर्क करने और हरसंभव सहायता का भरोसा दिया गया।

सुरक्षा व्यवस्था के तहत सार्वजनिक स्थानों, प्रमुख मार्गों और संवेदनशील इलाकों में संदिग्ध व्यक्तियों तथा वाहनों की सघन जांच की गई। नियमों का उल्लंघन करने वालों को आवश्यक हिदायत भी दी गई।

महिला और बालिका सुरक्षा को लेकर एंटी रोमियो टीमों ने विद्यालयों और कोचिंग संस्थानों के आसपास विशेष निगरानी रखी। छात्राओं को 1090 वूमेन पावर लाइन और 112 आपातकालीन सेवा समेत अन्य हेल्पलाइन नंबरों की जानकारी दी गई। पुलिस ने छात्राओं को किसी भी तरह की परेशानी होने पर बिना झिझक तत्काल पुलिस सहायता लेने के लिए जागरूक किया।

पुलिस के अनुसार, इस तरह के अभियान का उद्देश्य सार्वजनिक स्थानों पर सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने के साथ नागरिकों में पुलिस के प्रति भरोसा बढ़ाना है।