25 killed in fire at China's Qingdao shipyard

बीजिंग: चीन के पूर्वी बंदरगाह शहर किंगदाओ में मरम्मत के लिए लाए गए लाइबेरिया के झंडे वाले मालवाहक जहाज में गुरुवार को भीषण आग लग गई। हादसे में कम से कम 25 लोगों की मौत हो गई, जबकि पांच अन्य गंभीर रूप से झुलस गए।

चीन के अग्निशमन एवं बचाव अधिकारियों के मुताबिक, आग सुबह करीब 11:15 बजे चाइना स्टेट शिपबिल्डिंग कॉरपोरेशन की किंगदाओ बेहाई शिपबिल्डिंग कंपनी में जहाज की मरम्मत के दौरान लगी। घटना के समय जहाज पर कुल 42 लोग सवार थे।

GNSU Admission Open 2026

KATHA CONCERT KOLKATA

सरकारी समाचार एजेंसी शिन्हुआ के अनुसार, हादसे के बाद लापता बताए जा रहे 25 लोगों का बचावकर्मियों ने पता लगा लिया, लेकिन उनमें से किसी को बचाया नहीं जा सका। 12 लोगों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया, जबकि गंभीर रूप से झुलसे पांच लोगों को अस्पताल में भर्ती कराया गया। उनकी हालत स्थिर बताई जा रही है।

शिन्हुआ की ओर से जारी तस्वीरों के अनुसार, आग लाइबेरिया के झंडे वाले मालवाहक पोत ‘ओशन मेलोडी’ में लगी। हादसे के बाद बड़े पैमाने पर राहत और बचाव अभियान चलाया गया।

चीनी राष्ट्रपति शी चिनफिंग ने बचाव अभियान तेज करने, घायलों का उपचार सुनिश्चित करने और आग लगने के कारणों की जल्द जांच के निर्देश दिए हैं। उन्होंने जिम्मेदार लोगों की जवाबदेही तय करने और देशभर में आग से जुड़े जोखिमों की पहचान कर उन्हें दूर करने के लिए भी कहा।

प्रधानमंत्री ली कियांग ने घायलों के उचित इलाज और राहत अभियान को सावधानीपूर्वक संचालित करने के निर्देश दिए हैं। साथ ही, अधिकारियों से भविष्य में ऐसी दुर्घटनाओं को रोकने के लिए सुरक्षा उपाय मजबूत करने को कहा गया है।

किंगदाओ बेहाई शिपयार्ड चीन के प्रमुख जहाज निर्माण और मरम्मत केंद्रों में शामिल है। हादसे के कारणों की जांच शुरू कर दी गई है।