Youth shot in land dispute; commotion erupts before hearing.

मुजफ्फरपुर: मुजफ्फरपुर जिले के मीनापुर थाना क्षेत्र के राघोपुर गांव में शुक्रवार देर रात जमीन विवाद को लेकर एक युवक को गोली मारने का मामला सामने आया है। घायल युवक को गंभीर हालत में शहर के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उसका इलाज चल रहा है। घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल है। पुलिस ने मामले में दो लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। घायल की पहचान राघोपुर निवासी 36 वर्षीय अजीत कुमार राय के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि देर रात जब पूरा परिवार सोने की तैयारी कर रहा था, तभी आधा दर्जन से अधिक लोग हथियारों के साथ उनके दरवाजे पर पहुंचे और ताबड़तोड़ फायरिंग शुरू कर दी। इस दौरान अजीत कुमार को गोली लग गई। घायल अजीत कुमार ने बताया कि परिवार में जमीन के बंटवारे को लेकर लंबे समय से विवाद चल रहा है।

शनिवार को इस मामले में अंचल अधिकारी (सीओ) के समक्ष सुनवाई होनी थी। उनका आरोप है कि इसी वजह से विरोधी पक्ष के लोग देर रात उनके घर पहुंचे और जानलेवा हमला कर दिया। अजीत कुमार ने यह भी दावा किया कि वर्ष 2019 में उनके बड़े भाई अखिलेश राय की हत्या हुई थी, जिसमें वह प्रमुख गवाह हैं। उस मामले की सुनवाई भी चल रही है। उनका आरोप है कि गवाही और जमीन विवाद के कारण उन्हें निशाना बनाया गया। घायल की पत्नी ने बताया कि आरोपी आठ से दस की संख्या में आए थे। उन्होंने बिना किसी बातचीत के सीधे फायरिंग शुरू कर दी। घटना के समय बच्चे भी वहीं मौजूद थे। उन्होंने आरोप लगाया कि सभी आरोपी हत्या की नीयत से आए थे।

GNSU Admission Open 2026

KATHA CONCERT KOLKATA

किसी तरह परिवार के लोगों ने जान बचाई और घायल को अस्पताल पहुंचाया। पत्नी का कहना है कि आरोपियों की ओर से पहले भी लगातार धमकियां दी जा रही थीं। घायल का इलाज कर रहे डॉक्टर अमृतांशु प्रांजल ने बताया कि मरीज को गोली लगने के कारण गंभीर चोटें आई हैं। एक गोली उसके हाथ में फंसी हुई है, जिससे हाथ की हड्डी भी टूट गई है। फिलहाल ऑपरेशन किया जा रहा है। अन्य गोलियां शरीर में हैं या नहीं, इसका पता सीटी स्कैन रिपोर्ट आने के बाद चलेगा। मीनापुर थाना प्रभारी सुभाष मुखिया ने बताया कि घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। प्रारंभिक जांच में जमीन विवाद की बात सामने आई है। पुलिस ने घटनास्थल से गोली के खोखे बरामद किए हैं। मामले में दो लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए आगे की कार्रवाई कर रही है।