सासाराम। शहर के गोलक्षणी स्थित वी-मार्ट के समीप प्राचीन शिव मंदिर की सुरक्षा, स्वच्छता एवं संरक्षण को लेकर विश्व हिंदू परिषद-बजरंग दल, रोहतास-सासाराम की ओर से पहल की गई है। मंदिर परिसर में बाउंड्री नहीं होने तथा नाली का गंदा पानी परिसर में प्रवेश करने से उत्पन्न समस्याओं को लेकर संगठन के कार्यकर्ताओं ने स्थानीय विधायक श्रीमती स्नेहलता कुशवाहा को आवेदन सौंपा। आवेदन के माध्यम से मंदिर परिसर की सुरक्षा के लिए बाउंड्री निर्माण कराने और नाली के गंदे पानी की उचित निकासी की व्यवस्था कराने की मांग की गई। संगठन के सदस्यों का कहना है कि बाउंड्री के अभाव में मंदिर परिसर में गंदगी की समस्या बनी रहती है। वहीं, नाली का पानी मंदिर परिसर में आने से जलजमाव की स्थिति उत्पन्न हो जाती है, जिससे श्रद्धालुओं को पूजा-अर्चना के दौरान काफी परेशानी का सामना करना पड़ता है। विहिप-बजरंग दल के सदस्यों ने कहा कि यह प्राचीन शिव मंदिर क्षेत्र की आस्था और धार्मिक विरासत से जुड़ा महत्वपूर्ण स्थल है। ऐसे में मंदिर परिसर की स्वच्छता, सुरक्षा और संरक्षण पर विशेष ध्यान दिए जाने की आवश्यकता है। संगठन ने उम्मीद जताई कि विधायक की पहल से जल्द ही इन समस्याओं का समाधान कराया जाएगा। कार्यकर्ताओं ने कहा कि धार्मिक स्थलों की सुरक्षा और स्वच्छता केवल किसी एक व्यक्ति या संगठन की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि समाज के सभी लोगों की सामूहिक जिम्मेदारी है। मंदिर परिसर को स्वच्छ और सुरक्षित बनाने के लिए स्थानीय स्तर पर भी लोगों से सहयोग की अपील की गई।








