Lord Krishna's hymns echoed in the grand Mahavir Temple of Jamuhar, devotees danced in devotion.

जमुहार। रोहतास जिले के जमुहार स्थित भव्य महावीर मंदिर में भगवान श्रीकृष्ण के छठिहार के अवसर पर भव्य भजन-संध्या का आयोजन किया गया। मंदिर परिसर में सजे आकर्षक वातावरण के बीच जब भक्ति गीतों कीu स्वर लहरियां गूंजने लगीं तो पूरा परिसर श्रीकृष्ण की भक्ति में सराबोर हो उठा। श्रद्धालुओं के लिए यह आयोजन आस्था, संगीत और भक्ति का अद्भुत संगम बन गया। अयोध्या की तर्ज पर निर्मित जमुहार का भव्य राम एवं महावीर मंदिर अपनी वास्तुकला और आध्यात्मिक वातावरण के कारण श्रद्धालुओं के आकर्षण का प्रमुख केंद्र बना हुआ है। श्रीकृष्ण छठिहार के अवसर पर मंदिर परिसर को आकर्षक ढंग से सजाया गया था। चारों ओर भक्तिमय माहौल के बीच बड़ी संख्या में महिला एवं पुरुष श्रद्धालु कार्यक्रम में शामिल हुए।
भजन-संध्या में सासाराम की प्रसिद्ध भोजपुरी लोक गायिका उत्तमा मिश्रा ने अपनी मधुर आवाज से भगवान श्रीकृष्ण के भजनों की शानदार प्रस्तुति दी।

जैसे ही उन्होंने कृष्ण भक्ति से जुड़े भजनों की शुरुआत की, श्रद्धालु भाव-विभोर हो उठे। तबले और अन्य वाद्य यंत्रों की संगत ने कार्यक्रम में भक्ति का रंग और गहरा कर दिया। देर रात तक मंदिर परिसर भक्ति गीतों से गूंजता रहा और श्रद्धालु भजनों पर झूमते नजर आए। कार्यक्रम में औरंगाबाद विधायक त्रिविक्रम नारायण सिंह भी मौजूद रहे। वहीं डॉ. संगीता सिंह, डॉ. मोनिका सिंह एवं डॉ. निरुतमा सिंह ने गायिका उत्तमा मिश्रा का भव्य स्वागत किया। आयोजन में शामिल श्रद्धालुओं ने श्रीकृष्ण के छठिहार के इस भव्य आयोजन को श्रद्धा और उल्लास के साथ मनाया।

GNSU Admission Open 2026

KATHA CONCERT KOLKATA

दूर-दराज से पहुंचते हैं श्रद्धालु

जमुहार का यह भव्य महावीर मंदिर क्षेत्र में आस्था का एक महत्वपूर्ण केंद्र बन चुका है। मंदिर की भव्यता और यहां का आध्यात्मिक वातावरण श्रद्धालुओं को अपनी ओर आकर्षित करता है। आसपास के क्षेत्रों के साथ-साथ दूर-दराज से भी बड़ी संख्या में श्रद्धालु मंदिर में दर्शन और पूजा-अर्चना के लिए पहुंचते हैं। मंदिर परिसर में भगवान शिव-पार्वती, राम-जानकी, राधा-कृष्ण और हनुमान जी की प्रतिमाएं विराजमान हैं, जिससे यहां आने वाले श्रद्धालुओं को एक ही परिसर में विभिन्न देवी-देवताओं के दर्शन का अवसर मिलता है। जनवरी 2025 में नौ दिवसीय रुद्र महायज्ञ एवं प्राण-प्रतिष्ठा समारोह के बाद यह मंदिर श्रद्धालुओं की आस्था का प्रमुख केंद्र बन गया है।

भव्य निर्माण, आकर्षक स्वरूप और धार्मिक वातावरण के कारण मंदिर की पहचान लगातार व्यापक होती जा रही है। भगवान श्रीकृष्ण के छठिहार के अवसर पर आयोजित कार्यक्रम में शामिल सभी श्रद्धालुओं के लिए प्रसाद वितरण की व्यवस्था की गई। इसके साथ ही दूर-दराज से पहुंचे श्रद्धालुओं के लिए भोजन की भी विशेष व्यवस्था की गई थी। आयोजन में शामिल लोगों ने प्रसाद ग्रहण किया और सामूहिक रूप से भोजन किया। श्रीकृष्ण छठिहार के मौके पर जमुहार के महावीर मंदिर में देखने को मिला भव्य धार्मिक आयोजन श्रद्धालुओं के लिए लंबे समय तक यादगार बना रहेगा। भक्ति संगीत, मंदिर की भव्यता और श्रद्धालुओं की आस्था ने पूरे वातावरण को ऐसा रंग दिया कि देर तक पूरा परिसर ‘श्याममय’ नजर आया।