Two murder accused injured in police encounter in Bulandshahr

बुलन्दशहर: बुलन्दशहर में हाल ही में हुए चर्चित हत्या कांड के दो वांछित आरोपियों को थाना चोला पुलिस और एसओजी देहात टीम ने मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया। पुलिस की जवाबी कार्रवाई में दोनों आरोपी घायल हो गए। गिरफ्तार आरोपियों के कब्जे से अवैध हथियार और एक बिना नम्बर की कार बरामद की गई है। क्षेत्राधिकारी सिकंदराबाद दीपक कुमार ने गुरुवार को बताया कि पिछली तीन अगस्त को थाना चोला क्षेत्र में एक व्यक्ति की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। इस संबंध में थाना चोला पर (बीएनएस) की धारा 190, 191(2), 191(3) एवं 103(1) के तहत मामला दर्ज कर पुलिस ने गत 5 अगस्त को अनिल और जितेश नामक दो आरोपियों को मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर पहले ही जेल भेज चुकी है।


अन्य वांछित आरोपियों की तलाश में थाना चोला पुलिस और एसओजी देहात टीम शेरपुर मार्ग कट पर वाहन चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान बिना नम्बर की एक कार आती दिखाई दी। पुलिस ने उसे रुकने का संकेत दिया, लेकिन कार सवार आरोपी वाहन को एमआईटी से गंगारोल रोड की ओर मोड़कर भागने लगे। आगे मौजूद पुलिस टीम द्वारा घेराबंदी किए जाने पर कार सड़क से नीचे उतर गई। पुलिस का आरोप है कि घिर जाने पर आरोपियों ने पुलिस दल पर जान से मारने की नीयत से फायरिंग की। जवाबी कार्रवाई में दोनों आरोपियों के पैर में गोली लगी, जिससे वे घायल हो गए।

GNSU Admission Open 2026

KATHA CONCERT KOLKATA


घायलों की पहचान कपिल और मनीष, दोनों पुत्र मुनेश, निवासी ग्राम दाऊदपुर, थाना चोला, जनपद बुलन्दशहर के रूप में हुई है। दोनों को उपचार के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से एक 32 बोर की पिस्टल, एक .315 बोर का तमंचा, पांच खोखा कारतूस, चार जीवित कारतूस तथा एक बिना नम्बर की कार बरामद करने का दावा किया है। पुलिस के अनुसार गिरफ्तार दोनों आरोपी शातिर अपराधी हैं। मनीष थाना चोला का हिस्ट्रीशीटर है तथा उसके विरुद्ध 7 आपराधिक मामले दर्ज हैं। कपिल का भी आपराधिक इतिहास है।