ग्रामीण कार्य विभाग के नवनियुक्त मंत्री सुनील कुमार ने संभाला पदभार

पटना। ग्रामीण कार्य विभाग के नवनियुक्त मंत्री श्री सुनील कुमार ने शुक्रवार को विधिवत रूप से अपना पदभार ग्रहण कर लिया। पदभार ग्रहण करने के बाद ग्रामीण कार्य मंत्री श्री सुनील कुमार ने विभागीय अधिकारियों के साथ एक संक्षिप्त समीक्षा बैठक भी की। जिसमें राज्य में चल रही ग्रामीण सड़क तथा पुल निर्माण से संबंधित योजनाओं की प्रगति का जायजा लिया। इस अवसर पर उन्होंने विभागीय योजनाओं के समयबद्ध निष्पादन पर विशेष जोर देते हुए कहा कि राज्य की चहुंमुखी विकास का रास्ता गांवों की सुदृढ़ सड़कों से ही होकर गुजरता है। उन्होंने स्पष्ट किया कि बिहार के सुदूर और ग्रामीण क्षेत्रों में बारहमासी संपर्कता सुनिश्चित करना विभाग की सर्वोच्च प्राथमिकता है। ग्रामीण कार्य मंत्री ने कहा कि ग्रामीण विकास केवल आधारभूत संरचना तक सीमित नहीं है, बल्कि यह सामाजिक और आर्थिक परिवर्तन का सबसे सशक्त माध्यम है। उन्होंने इस बात पर जोर दिया कि गांवों तक गुणवत्तापूर्ण सड़कों और पुलों की संपर्कता होने से ग्रामीण अर्थव्यवस्था को नई गति मिली है। बाजारों तक किसानों की पहुंच आसान हुई है। साथ ही, शिक्षा और स्वास्थ्य जैसी जरुरी सेवाओं तक आमलोगों की पहुंच अधिक सुगम रही है। उन्होंने विभागीय प्रतिबद्धताओं को दोहराते हुए कहा कि माननीय मुख्यमंत्री के समावेशी विकास के विजन को धरातल पर उतारने के लिए विभाग पूरी तरह से कृतसंकल्पित है। इस दौरान विभागीय योजनाओं के क्रियान्वयन में तकनीकी गुणवत्ता, सड़क सुरक्षा, अनुरक्षण व्यवस्था तथा मानसून पूर्व की जा रही तैयारियों पर भी विशेष चर्चा की गई।

GNSU Admission Open 2026

KATHA CONCERT KOLKATA