कभी चेतावनी देने वाले तेज प्रताप अब बाबा बागेश्वर की शरण में, पूछा अपना पॉलिटिकल फ्यूचर

राष्ट्रीय जनता दल (RJD) के नेता तेज प्रताप यादव एक बार फिर अपने अलग अंदाज को लेकर चर्चा में हैं। इस बार वजह बना उनका एक वीडियो कॉल, जिसमें वे बाबा बागेश्वर से अपने राजनीतिक भविष्य को लेकर बातचीत करते नजर आए। यह वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो कॉल के दौरान तेज प्रताप यादव ने बाबा बागेश्वर से कहा, “मेरा थोड़ा राजनीतिक भविष्य देख लीजिए।” इस पर बाबा ने जवाब दिया, “हां, बिल्कुल पक्का, जब हम साथ बैठेंगे तब विस्तार से देख लेंगे।” इस पर तेज प्रताप ने सहमति जताते हुए कहा कि वे जल्द मुलाकात करेंगे। दोनों के बीच हुई यह बातचीत अब राजनीतिक गलियारों में चर्चा का विषय बन गई है। दिलचस्प बात यह है कि तेज प्रताप यादव का यह रुख उनके पुराने बयानों से बिल्कुल अलग नजर आ रहा है। वर्ष 2023 में जब बाबा बागेश्वर के बिहार आगमन की चर्चा थी, तब तेज प्रताप ने कड़ा विरोध जताया था। उन्होंने कहा था कि यदि कोई समाज में धार्मिक तनाव फैलाने की कोशिश करेगा, तो उसे राज्य से वापस भेज दिया जाएगा। उन्होंने एयरपोर्ट घेराव तक की चेतावनी दी थी। ऐसे में अब उसी बाबा से राजनीतिक भविष्य पूछना कई सवाल खड़े कर रहा है। इसी बीच हाल ही में तेज प्रताप यादव की मुलाकात राजनीतिक रणनीतिकार प्रशांत किशोर से भी हुई थी। इस मुलाकात की तस्वीर उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर साझा करते हुए इसे राजनीतिक दृष्टि से महत्वपूर्ण बताया था। उन्होंने कहा था कि इस बैठक में जनहित और भविष्य की राजनीति को लेकर गंभीर चर्चा हुई। तेज प्रताप के इन हालिया कदमों को लेकर राजनीतिक विश्लेषक अलग-अलग मायने निकाल रहे हैं। कुछ इसे उनकी नई रणनीति मान रहे हैं, तो कुछ इसे बदलते राजनीतिक समीकरणों का संकेत बता रहे हैं।

GNSU Admission Open 2026

KATHA CONCERT KOLKATA