Teacher using fake B.Ed mark sheet exposed: Vigilance probe reveals, case registered

जहानाबाद: फर्जी बी.एड. अंक प्रमाण पत्र के आधार पर नियुक्ति पाने वाली एक शिक्षिका के खिलाफ निगरानी अन्वेषण ब्यूरो पटना की शिकायत पर जहानाबाद नगर थाना में प्राथमिकी दर्ज की गई है। यह मामला निगरानी अन्वेषण ब्यूरो के पुलिस उपाधीक्षक विंध्याचल प्रसाद की शिकायत पर दर्ज हुआ है। बताया गया है कि संबंधित शिक्षिका की नियुक्ति वर्ष 2015 में नियोजन इकाई जिला परिषद के माध्यम से उच्चतर माध्यमिक विद्यालय केसर बाग, खैरा में की गई थी।

शिक्षिका संगीता कुमारी, जो मूल रूप से नवादा जिले के न्यू एरिया पातालपुरी मोहल्ला की निवासी हैं और वर्तमान में पटना के अनीसाबाद में रह रही हैं, पर आरोप है कि उन्होंने नियुक्ति के समय बी.एड. प्रशिक्षण का फर्जी अंक प्रमाण पत्र प्रस्तुत किया था। इस संबंध में शिकायत मिलने के बाद विभाग द्वारा जांच कराई गई। जांच के दौरान यह पाया गया कि प्रस्तुत अंक प्रमाण पत्र फर्जी है। बताया जाता है कि शिक्षिका द्वारा गौहाटी विश्वविद्यालय से जारी बी.एड. प्रशिक्षण का अंक पत्र प्रस्तुत किया गया था, जिसकी वर्ष 2023 में जांच की गई, जिसमें यह फर्जी पाया गया। इसके बाद जनवरी 2026 में दोबारा सत्यापन कराया गया, जिसमें भी प्रमाण पत्र पूरी तरह फर्जी निकला।

GNSU Admission Open 2026

KATHA CONCERT KOLKATA

इसके बाद निगरानी विभाग ने जहानाबाद नगर थाना में शिक्षिका के खिलाफ मामला दर्ज कराया है। पुलिस प्राथमिकी दर्ज कर आगे की कार्रवाई में जुट गई है। नगर थाना अध्यक्ष ने बताया कि निगरानी विभाग की शिकायत पर मामला दर्ज किया गया है और विधि-सम्मत कार्रवाई की जाएगी। इस मामले के सामने आने के बाद फर्जी प्रमाण पत्र के आधार पर नौकरी कर रहे शिक्षकों के बीच हड़कंप मच गया है। सरकार के निर्देश पर ऐसे सभी मामलों की निगरानी विभाग द्वारा जांच कराई जा रही है।